Jharkhand (Ranchi): राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा जोरावर स्टेडियम, मानेकशॉ सेंटर, नई दिल्ली छावनी, में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी, पाकुड़ मनीष कुमार को "बेस्ट इलेक्शन डिस्ट्रिक्ट" अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन सम्बंधित विभिन्न प्रभागों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों, जिलों एवं पदाधिकारियों को प्रत्येक वर्ष अलग-अलग कैटेगरी में उनके पूरे वर्ष में किए गए कार्यों को देखते हुए सम्मानित किया जाता है. इसी क्रम में पाकुड़ जिले को 2025 में निर्वाचन से सम्बंधित विभिन्न स्तर के कार्यों में उत्कृष्ठ प्रदर्शन हेतु "बेस्ट इलेक्शन डिस्ट्रिक्ट" के रूप में चयनित किया गया था.
"बेहद गौरव की है बात"
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि यह वर्ष एक विशेष उपलब्धि का वर्ष है. भारत निर्वाचन आयोग को International Idea (International Institute for Democracy and Electoral Assistance) की अध्यक्षता करने का सुअवसर प्राप्त हुआ है. भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने विगत तीन दिसम्बर 2025 को एक वर्ष के कार्यकाल के लिए विश्व के इस लोकतांत्रिक मंच के अध्यक्ष का प्रभार ग्रहण किया है. साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर झारखण्ड के पाकुड़ जिले को Best Election District Award के लिए चयनित किया गया है. यह हम सबों के लिए गौरव का विषय है.
कब मिलता है यह सम्मान
प्रत्येक चुनाव के बाद भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा जिलों को चयनित किया जाता है, जिसने चुनाव के दौरान विभिन्न मामलों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है. लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा, बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले जिलों का चयन दोनों चुनावों के बाद होता है. उदाहरण के लिए किसी राज्य में जब चुनाव होता है, तो पूरे राज्य के जिलों का पैमाना तैयार किया जाता है. वहीं लोकसभा चुनाव के बाद पूरे देश के सारे जिलों के अलग-अलग मानदंडों पर दृष्टि फेरी जाती है.
कितने प्रकार के मानकों पर होता है आधारित
इसमें देखे जाने वाले मानकों की अगर बात करें तो नवोन्मेषी मतदाता जागरूकता, प्रौद्योगिकी का प्रभावी उपयोग, निर्वाचन प्रबंधन, आदर्श आचार संहिता का कार्यान्वयन, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण, मतदाता सूची की शुद्धता और मतदान प्रतिशत में वृद्धि - ये सारे मानकों पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले जिलों को ही दिया जाता है 'Best Election District' का सम्मान.









