'अब बदल रहा है गिरिडीह!', ध्वजारोहण के बाद बोले मंत्री सोनू, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन हुए सम्मानित
राष्ट्रीय आन-बान-शान का प्रतीक तिरंगा शनिवार को गिरिडीह जिले में पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ फहराया गया।


Giridih: राष्ट्रीय आन-बान-शान का प्रतीक तिरंगा शनिवार को गिरिडीह जिले में पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ फहराया गया। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह ऐतिहासिक झंडा मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, DC रामनिवास यादव, SP डॉक्टर विमल और मेजर सन्नी कुमार ने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया और जवानों की सलामी ली।
14 टुकड़ियों ने किया शानदार मार्च पास्ट, कस्तूरबा की छात्राओं ने बजाई बैंड धुन
झंडा मैदान में आयोजित भव्य परेड में कुल 14 टुकड़ियां शामिल हुईं। इनमें जिला पुलिस बल के जवानों के साथ महिला पुलिस बल, NCC कैडेट्स, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं और होम गार्ड के जवानों की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। इस दौरान कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं की एक विशेष टुकड़ी ने अपनी शानदार बैंड धुन से पूरे झंडा मैदान को देशभक्ति के तरानों से सराबोर कर दिया।

ध्वजारोहण के बाद मंत्री बोले- 'अब संवर रहा है गिरिडीह'
परेड निरीक्षण के पश्चात मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, DC और SP ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' की गूंज के बीच तिरंगे को सलामी दी गई। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। उन्होंने कहा कि आज गिरिडीह तेजी से बदल रहा है और शिक्षा के क्षेत्र में जिले को संवारा जा रहा है। जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज और सर जेसी बोस यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों और उत्कृष्ट पुलिसकर्मियों का सम्मान
समारोह के दौरान गिरिडीह के स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी पुरस्कार दिए गए। पति-पत्नी विवाद समाधान और बेहतर काउंसलिंग के लिए महिला थाना प्रभारी दीपमाला कुमारी तथा केस अनुसंधान में बेहतरीन कार्य के लिए SI पुनीत गौतम को सम्मानित किया गया। साथ ही कई अन्य सरकारी कर्मचारियों को भी उनकी बेहतर सेवाओं के लिए मंच से सम्मानित किया गया।

समाहरणालय, नगर निगम और जिला परिषद में भी फहराया गया तिरंगा
झंडा मैदान के मुख्य आयोजन के अलावा जिले के अन्य प्रमुख प्रशासनिक भवनों में भी ध्वजारोहण किया गया। समाहरणालय भवन में DC रामनिवास यादव ने तिरंगा फहराया, जबकि जिला परिषद भवन में जिप अध्यक्ष मुनिया देवी और नगर निगम कार्यालय में महापौर प्रमिला मेहरा ने ध्वजारोहण किया। इसके अतिरिक्त DPRO कार्यालय परिसर में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'193 अपराधी जेल में, 50 पर लगा CCA!' 80वें स्वतंत्रता दिवस पर झारखंड DGP का अपराधियों को कड़ा संदेश

रांची न्यू पुलिस लाइन में तिरंगा फहराकर SSP ने ली सलामी!, उत्कृष्ट सेवा के लिए 34 जांबाज पुलिसकर्मी सम्मानित







