IIM नागपुर में बोले नितिन गडकरी, 'राजनीति से मीडिया तक साख का संकट, अपनी क्रेडिबिलिटी पर सोचे मीडिया'
IIM नागपुर के मीडिया कॉन्क्लेव 2026 में नितिन गडकरी ने मीडिया की साख में आई कमी पर चिंता जताई। उन्होंने लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष मीडिया और स्वतंत्र न्यायपालिका को जरूरी बताते हुए पत्रकारिता के मूल्यों और विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर दिया।

Nitin Gadkari : केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए आजाद न्यायपालिका और निष्पक्ष मीडिया को बेहद जरूरी बताया है। नागपुर के भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) में आयोजित 'मीडिया कॉन्क्लेव 2026' में बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज के समय में लगभग हर क्षेत्र में भरोसे की कमी दिख रही है, लेकिन मीडिया के क्षेत्र में साख का यह संकट सबसे ज्यादा बड़ा और चिंताजनक है।
इस खास प्रोग्राम में 'पीटीआई' के सीईओ विजय जोशी, 'बिजनेस स्टैंडर्ड' के ए. के. भट्टाचार्य और 'ब्लिट्ज इंडिया' के दीपक द्विवेदी समेत पत्रकारिता से जुड़े कई बड़े चेहरे मौजूद थे।
'संविधान ने बांटी जिम्मेदारियां, लेकिन साख ही असली ताकत'
नितिन गडकरी ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। हमारे संविधान ने विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और मीडिया जैसे चारों खंभों के काम और जिम्मेदारियां एकदम साफ तय की हैं।
उन्होंने आगे कहा कि 21वीं सदी में ईमानदारी, साख और गुडविल ही किसी की सबसे बड़ी ताकत होती है। हालांकि आज के दौर में हर जगह भरोसा कम हुआ है, लेकिन मीडिया को अपनी गिरती साख पर गहराई से सोचने की सख्त जरूरत है। उन्होंने यह भी माना कि सभी मीडिया हाउस ने अपनी साख नहीं खोई है, कई आज भी अपने उसूलों पर कायम हैं।
सोशल मीडिया ने बदला दौर, अच्छी पत्रकारिता को हमेशा मिलती है पहचान
अपने पुराने दिनों के किस्से साझा करते हुए गडकरी ने कहा कि एक दौर था जब अखबार और मीडिया तय करते थे कि चुनाव में किसकी जीत होगी। लेकिन आज सोशल मीडिया के आने से हवा का रुख पूरी तरह बदल गया है। उन्होंने कहा कि जिनकी अपनी साख होती है, उन्हें किसी तरह के विज्ञापन या ढोल पीटने की जरूरत नहीं पड़ती।
पत्रकारों को देश और समाज के फायदे के लिए लिखने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले वक्त में वही मीडिया हाउस टिक पाएंगे जो अपनी साख और अपने पेशे की बुनियादी मूल्यों को बचाकर रखेंगे। कार्यक्रम के दौरान IIM नागपुर के डायरेक्टर डॉ. भीमराय मेत्री और लॉयड्स मेटल्स के बी. प्रभाकरन ने भी देश के युवाओं, नए स्टार्ट-अप्स और आत्मनिर्भरता के मुद्दे पर अपनी बात रखी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

डिजिटल अरेस्ट गिरोह पर CBI का अब तक का सबसे बड़ा क्रैकडाउन!, 20 राज्यों में 89 ठिकानों पर रेड ; 42 करोड़ की ठगी में 3 गिरफ्तार







