राज्यसभा चुनाव को लेकर रांची में NDA की किलेबंदी: रेडिसन ब्लू होटल में जुटे भाजपा और आजसू के विधायक
झारखंड में राज्यसभा चुनाव से पहले रांची के होटल रेडिसन ब्लू में एनडीए विधायकों का जुटान शुरू हो गया है. पार्टी के निर्देश पर सभी विधायक अगले दो दिनों तक यहीं रहेंगे, जहां नए विधायकों को राज्यसभा मतदान प्रक्रिया का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है.

Ranchi, Jharkhand : झारखंड में राज्यसभा चुनाव की तारीख नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है. चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और सहयोगी दलों के विधायकों का रांची के होटल रेडिसन ब्लू पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है. एनडीए ने अपने सभी विधायकों को एकजुट रखने और मतदान प्रक्रिया से अवगत कराने के लिए होटल में ही रुकने का निर्देश दिया है. इस जुटान के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने दावा किया है कि राज्यसभा चुनाव में एनडीए समर्थित उम्मीदवार की जीत पूरी तरह सुनिश्चित है.
वोटिंग प्रक्रिया के लिए प्रशिक्षण जरूरी: पूर्णिमा साहू
होटल पहुंचने के बाद भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत तय है. उन्होंने बताया कि एनडीए के सभी विधायक एकजुट होकर परिमल नाथवानी के पक्ष में मतदान करेंगे. होटल में रुकने का मुख्य उद्देश्य बताते हुए उन्होंने कहा कि कई विधायक पहली बार राज्यसभा चुनाव में मतदान करने जा रहे हैं. चूंकि राज्यसभा में वोटिंग की प्रक्रिया सामान्य चुनाव से अलग और थोड़ी जटिल होती है, इसलिए पहली बार के विधायकों को किसी भी गलती से बचाने के लिए विशेष प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) दिया जा रहा है. मांडू विधायक निर्मल महतो और बरकट्ठा विधायक अमित यादव ने भी इस बात की पुष्टि की.
हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों पर राज सिन्हा का पलटवार
विपक्ष द्वारा विधायकों की बाड़ेबंदी और हॉर्स ट्रेडिंग (विधायकों की खरीद-फरोख्त) के आरोपों पर धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा ने कड़ा पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी के विधायक कमजोर नहीं हैं कि उन्हें छुपाया जाए. पार्टी कहीं भी बैठक कर सकती है और होटल में ठहरने का एकमात्र मकसद केवल राज्यसभा चुनाव की तकनीकी जानकारी साझा करना है. वहीं हजारीबाग के विधायक प्रदीप प्रसाद ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ कि भाजपा के विधायक टूटकर दूसरी तरफ गए हों. भाजपा विधायक हमेशा संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं.
राजनीतिक हलचल नहीं, एकजुटता का संदेश: सत्येंद्र नाथ
भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने स्पष्ट किया कि होटल में जुटने का मकसद किसी तरह की राजनीतिक घबराहट नहीं है, बल्कि सभी विधायकों का एक साथ रहना, समय बिताना और चुनावी रणनीति पर चर्चा करना है. वहीं आजसू के विधायकों ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि वे जामुन लेकर आए हैं, जामुन खाएंगे और चर्चा के बाद चले जाएंगे. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी कहा कि विधानसभा में कुल 81 विधायक वोट देते हैं, ऐसे में संख्या बल के हिसाब से एनडीए समर्थित प्रत्याशी की जीत पूरी तरह कंफर्म है.
(रांची से यशवंत की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची सदर अस्पताल ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, मिला The Best Blood Bank का अवार्ड

'प्रकृति हमें माफ नहीं करेगी': कृषि मेले के मंच से मुख्यमंत्री Hemant Soren की बड़ी चेतावनी







