Nalanda News : प्रेमिका ने मिलने जा रहा था युवक, ट्रेन की चपेट में आया हालत गंभीर
नालंदा के पावापुरी रेलवे हॉल्ट पर एक युवक गंभीर रूप से दुर्घटनाग्रस्त हो गया. बताया जा रहा है कि युवक प्रेमिका से मिलने जा रहा था और कान में इयर फोन लगाया हुआ था.

Nalanda News : नालंदा जिले के राजगीर-बख्तियारपुर रेलखंड स्थित पावापुरी रेलवे हॉल्ट पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया. उत्तर प्रदेश का 19 वर्षीय युवक ट्रेन से उतरने के बाद रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के संत रविदास नगर जिले के भीखमपुरा एकौनी गांव निवासी सुरेश के पुत्र उद्रेश के रूप में हुई है. स्टेशन प्रबंधक श्यामू चौधरी ने बताया कि युवक मुंबई से राजगीर जा रही अजीमाबाद एक्सप्रेस से पावापुरी हाल्ट पर उतरा था. उसके कान में इयरफोन लगा हुआ था. इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 से राजगीर-दानापुर पैसेंजर ट्रेन गुजर रही थी. चालक ने लगातार हॉर्न बजाया, लेकिन युवक तक आवाज नहीं पहुंची और वह ट्रेन की चपेट में आ गया.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही डायल-112 और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के अनुसार उसके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
प्राथमिक जांच और युवक के मोबाइल से मिली जानकारी के अनुसार, वह नवादा अपनी प्रेमिका से मिलने जा रहा था. अस्पताल प्रबंधन ने उसके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है, जिसके बाद परिवार बिहारशरीफ के लिए रवाना हो गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक का इलाज जारी है.
(नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

Chatra Crime News : हंटरगंज में बंद खदान के गड्ढे में मिला अज्ञात महिला का शव, इलाके में सनसनी

गिरिडीह में अकीदत के साथ निकाला गया मुहर्रम का पारंपरिक अखाड़ा, खिलाड़ियों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब







