Nalanda: मानव तस्करी का बड़ा खुलासा, किराए के मकान से 3 नाबालिग समेत 4 लड़कियां मुक्त
आर्केस्ट्रा की आड़ में गंदा खेल, लड़कियों को बनाते थे शिकार, पुलिस ने छापेमारी कर तीन नाबालिग सहित चार लड़कियों को मुक्त कराया है.

Nalanda, Bihar: नालंदा जिले में मानव तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. सिलाव थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-06 स्थित एक किराए के मकान में चल रहे अवैध आर्केस्ट्रा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन नाबालिग समेत चार लड़कियों को मुक्त कराया है. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
पुलिस के अनुसार, इन लड़कियों को मानव तस्करी के जरिए अलग-अलग राज्यों से लाया गया था और उन्हें प्रताड़ित कर जबरन आर्केस्ट्रा में नाचने के लिए मजबूर किया जाता था. लड़कियों को कमरे में बंद रखकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की भी बात सामने आई है.
राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक नालंदा के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), सिलाव थाना, महिला थाना और ‘एसोसिएशन फॉर वॉलेन्ट्री एक्शन’ की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को छापेमारी कर इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया. यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग), अपराध अनुसंधान विभाग के दिशा-निर्देश पर चलाया गया.
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने मौके से आर्केस्ट्रा चलाने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में भोजपुर की रोशनी कुमारी, मध्य प्रदेश का अनुप कुमार वंशल, नूरसराय निवासी पवन कुमार और छत्तीसगढ़ का धीरज प्रकाश शामिल हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
इस अभियान में जिला बाल संरक्षण इकाई और स्वयंसेवी संस्थाओं की भी अहम भूमिका रही. फिलहाल मुक्त कराई गई लड़कियों को सुरक्षित स्थान पर रखकर काउंसलिंग कराई जा रही है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और संभावना जताई जा रही है कि इस गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े हो सकते हैं.
(नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

International Yoga Day : NTPC कहलगांव में 12 दिवसीय योग शिविर का समापन

मोतिहारी में 13 केंद्रों पर Re-NEET UG की परीक्षा, 6 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल







