गिरिडीह में त्याग और मातम का पर्व मुहर्रम संपन्न: पाबंदी के बावजूद बच्चों ने दिखाया आग का खेल
गिरिडीह में मुहर्रम का पर्व शुक्रवार देर रात शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. इस दौरान अखाड़ों में खिलाड़ियों ने लाठी और तलवारबाजी के कई जोखिम भरे करतब दिखाए. वहीं सुरक्षा के मद्देनजर 8 घंटे बिजली कटौती से लोग परेशान रहे.

Giridih Muharram News : जिले में त्याग, बलिदान और मातम का पर्व मुहर्रम शुक्रवार देर रात शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण के बीच संपन्न हो गया. दोपहर बाद से शुरू हुआ अखाड़ों का कारवां देर रात तक विभिन्न चौक-चौराहों पर पारंपरिक खेलों की नुमाइश के साथ आगे बढ़ता रहा. इस अवसर पर ग्रामीण और शहरी दोनों ही क्षेत्रों की अखाड़ा समितियों के खिलाड़ियों ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया. कई अखाड़ों में युवाओं ने हाथ में राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) थामकर लाठी और तलवारबाजी के जोखिम भरे पारंपरिक खेलों का प्रदर्शन किया, जो मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा.

प्रशासनिक मनाही के बावजूद जान जोखिम में डाल बच्चों ने किया आग का प्रदर्शन
मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने शांति समिति की बैठक में आग के लुक (करतब) के प्रदर्शन पर पूरी तरह से पाबंदी लगाने का निर्णय लिया था. इसके बावजूद, शहर के कई सुदूर इलाकों और अखाड़ों में इस आदेश की अवहेलना देखने को मिली. मुस्लिम समुदाय के छोटे-छोटे बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर आग के लुक से खेलते हुए नजर आए. हैरत की बात यह रही कि युवाओं से लेकर इन मासूम बच्चों में आग से झुलसने का कोई डर नहीं दिखा और प्रशासनिक पाबंदियों के बीच भी देर रात तक आग के तीखे खेल की नुमाइश सरेआम चलती रही.
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और मेयर प्रमिला मेहरा का हुआ भव्य स्वागत
मुहर्रम के इस विशेष अवसर पर विभिन्न अखाड़ा कमेटियों द्वारा सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की गई. शहर के कई प्रमुख मोड़ों और अखाड़ा स्थलों पर कमेटियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों का जोरदार स्वागत किया. इस दौरान गिरिडीह के माननीय मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, मेयर प्रमिला मेहरा और डिप्टी मेयर को कमेटियों द्वारा हरी पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया. इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रहे नगर थाना प्रभारी रतन सिंह भी कोल्डीहा क्षेत्र में बेहद अलग अंदाज में दिखे. वे खुद खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए अखाड़े में उतरे और पारंपरिक लाठी का खेल दिखाया.
सुरक्षा के नाम पर 8 घंटे की लंबी बिजली कटौती से लोग रहे बेहाल
मुहर्रम जुलूस और अखाड़ों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या शॉर्ट सर्किट को रोकने के लिए बिजली विभाग द्वारा शुक्रवार शाम 5:00 बजे ही पूरे शहर और नजदीकी ग्रामीण इलाकों में बिजली की आपूर्ति पूरी तरह ठप (लोडशेडिंग) कर दी गई थी. हालांकि, यह बिजली कटौती आम लोगों के लिए भारी मुसीबत बन गई. भीषण उमस और गर्मी के बीच करीब आठ घंटे तक बिजली गुल रही. लोग बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को लगातार कॉल करते रहे, लेकिन कहीं से भी कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला. आखिरकार, देर रात करीब पौने एक बजे अखाड़े संपन्न होने के बाद ही बिजली की आपूर्ति दोबारा बहाल की जा सकी.
(गिरिडीह से मनोज की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

Shravani Mela 2026: बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी विश्वस्तरीय सुविधा, बन रहा फोर-लेन और अलग कांवड़िया पथ

पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर गिरिडीह में भाजपा की बड़ी बैठक, पूर्व सांसद ने पदाधिकारियों को दिया 24 घंटे प्रवास का निर्देश







