"दोनों हाथों से राइफल चलाता हूं..." : मोतिहारी के युवक ने पुलिस को दी खुली चुनौती, वायरल वीडियो से हड़कंप
थाना में घुसकर गोली मारने की धमकी! वायरल वीडियो में युवक ने पुलिस को दी खुली चुनौती

Motihari News : पूर्वी चंपारण के बिजधरी थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर जारी धमकी भरे वीडियो ने सनसनी फैला दी है. वीडियो में युवक न सिर्फ पुलिस को खुली चुनौती देता दिखाई दे रहा है, बल्कि थाना में घुसकर गोली मारने और पुलिस अधिकारियों को अंजाम भुगतने की धमकी भी दे रहा है.
वायरल वीडियो में युवक खुद को हथियारों से लैस बताते हुए कहता है कि वह दोनों हाथों से राइफल चलाना जानता है और उसके पास हथियारों की कोई कमी नहीं है. उसने चेतावनी दी कि यदि उसे या उसके परिवार को बेवजह परेशान किया गया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे. युवक ने बिजधरी थानाध्यक्ष सीमा कुमारी का नाम लेते हुए उन्हें भी सीधे तौर पर धमकी दी है.
वीडियो में युवक ने आरोप लगाया कि पुलिस उसके परिवार को प्रताड़ित कर रही है. उसने कहा कि यदि किसी मामले में पूछताछ करनी है तो सीधे उससे की जाए, वह हर जांच में सहयोग करने को तैयार है. साथ ही उसने अपने भाई की हत्या के लिए प्रशासन और गांव के कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराते हुए न्याय नहीं मिलने पर नाराजगी जताई.
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी. बिजधरी थानाध्यक्ष सीमा कुमारी ने बताया कि वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान सुन्दरापुर निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है. उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो का संबंध हाल ही में सुन्दरापुर में हुए गोलीकांड से जुड़ा हो सकता है. हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. फिलहाल पुलिस युवक की तलाश और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पलामू के पत्थलचटी गांव में वर्षों बाद पहुंची पेयजल की सुविधा, उपायुक्त की त्वरित पहल से ग्रामीणों में खुशी

मुख्यमंत्री को सांसद सुधाकर सिंह का खुला पत्र, पिपराकोठी वाटर पार्क और एफआईआर पर उठाए सवाल







