जहरीली शराब कांड के बाद एक्शन में मोतिहारी पुलिस, यूपी से बड़े शराब माफिया को दबोचा
कुशीनगर से गिरफ्तार हुआ फरार तस्कर, पूर्वी चंपारण में शराब सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा था आरोपी

Motihari, Bihar: जहरीली शराब कांड के बाद पूर्वी चंपारण पुलिस लगातार शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान चला रही है. पुलिस की टीम कभी दिल्ली और हरियाणा जाकर फरार तस्करों को गिरफ्तार कर रही है तो कभी उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर शराब कारोबारियों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई कर रही है.
इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर डुमरियाघाट थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक बड़े शराब माफिया को गिरफ्तार किया है, जो पूर्वी चंपारण जिले में शराब की आपूर्ति करने के नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है.
पुलिस के अनुसार डुमरियाघाट थाना कांड संख्या-105/25 में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत फरार चल रहे अभियुक्त आनंद कुमार, पिता रामदास सहनी, निवासी भालुही, थाना अहिरोलिया, उत्तर प्रदेश को कुशीनगर से विधिवत गिरफ्तार किया गया है.
गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था. पुलिस को सूचना मिली थी कि वह उत्तर प्रदेश में छिपकर रह रहा है, जिसके बाद विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया. पुलिस ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
जहरीली शराब कांड के बाद मोतिहारी पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा.
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सहरसा के एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल से तीन छात्र लापता, 72 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

लव ट्रैप में फंसाकर 4 नाबालिग लड़कियों के अपहरण की साजिश नाकाम, मौलवी गिरफ्तार







