लव ट्रैप में फंसाकर 4 नाबालिग लड़कियों के अपहरण की साजिश नाकाम, मौलवी गिरफ्तार
मामले का खुलासा तब हुआ जब शिकारगंज थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी दो बेटियों समेत चार नाबालिग लड़कियों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई. परिजनों ने बच्चियों के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई थी.

Motihari, Bihar: मोतिहारी पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए चार नाबालिग लड़कियों के अपहरण और उन्हें बेचने की कथित साजिश रचने वाले आरोपी मौलवी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर चारों लड़कियों को सकुशल बरामद कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.
मामले का खुलासा तब हुआ जब शिकारगंज थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी दो बेटियों समेत चार नाबालिग लड़कियों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई. परिजनों ने बच्चियों के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई थी. शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया.
पुलिस जांच में सामने आया कि ढाका थाना क्षेत्र के करसहिया निवासी मौलवी असफाक ने पहले मदरसे में पढ़ने वाली एक छात्रा को प्रेम जाल में फंसाया. बातचीत और नजदीकियों का फायदा उठाकर उसने दूसरी लड़की को भी अपने प्रभाव में ले लिया. परिजनों को जब इसकी भनक लगी तो उसे मदरसे से हटा दिया गया, लेकिन वह मोबाइल फोन के जरिए लड़कियों के संपर्क में बना रहा.
बरामद की गई एक छात्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे विदेश घुमाने और बेहतर जिंदगी का सपना दिखाता था. लेकिन फरारी के दौरान उसने फोन पर किसी से बातचीत में लड़कियों को बेचने की बात कही, जिसे सुनकर सभी सहम गए. तब उन्हें एहसास हुआ कि जिस व्यक्ति को वे अपना शुभचिंतक समझ रही थीं, उसकी मंशा कुछ और थी.
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर चारों नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद किया गया. पुलिस ने आरोपी के घर से एक लड़की का मोबाइल फोन भी बरामद किया है.
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि चार नाबालिग लड़कियों के अचानक गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई थी. लगातार तकनीकी जांच, छापेमारी और निगरानी के बाद 36 घंटे के भीतर सभी लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया.
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में कोई बड़ा गिरोह या अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं. मामले की जांच जारी है.
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बिहार पुलिस कर सकती है खान सर को गिरफ्तार: आर्म्स एक्ट और अटेंप्ट टू मर्डर के तहत FIR दर्ज

गांधी मैदान में जिला प्रशासन और SBI के बीच मैत्री मैच, जिला प्रशासन की टीम रही विजेता







