48 घंटे बाद झारखंड में लौटेगा मॉनसून, जानिए कब तक होगी झमाझम बारिश
राज्य में 8 सितंबर से एक बार फिर बादलों का डेरा जमने वाला है और झमाझम बारिश का नया दौर शुरू होने जा रहा है।
Ranchi: राज्य में 8 सितंबर से एक बार फिर बादलों का डेरा जमने वाला है और झमाझम बारिश का नया दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार यह बारिश 10 सितंबर तक लगातार जारी रह सकती है। इससे राजधानी रांची समेत राज्य के ज्यादातर जिलों में तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
वापस लौट रहा है लो प्रेशर सिस्टम
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने शनिवार को इस बदलाव की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि पिछले दिनों झारखंड के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) अब एक बार फिर एक्टिव होकर लौट रहा है। इसी मौसमी सिस्टम के असर से पूरे राज्य में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि अगस्त के महीने में हुई ताबड़तोड़ बारिश की वजह से राज्य में मॉनसून के शुरुआती सूखे और पानी की पुरानी कमी की पूरी भरपाई हो चुकी है।
रांची में 97% पहुंची नमी, पाकुड़ सबसे ज्यादा गर्म
पिछले कुछ दिनों से बारिश रुकने की वजह से रांची से लेकर संताल और कोल्हान तक उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। हवा में नमी का स्तर इतना बढ़ गया है कि पिछले 24 घंटों में अकेले रांची में 97 फीसदी आर्द्रता दर्ज की गई। वहीं तापमान की बात करें तो पाकुड़ 34.3 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जबकि सबसे ठंडा इलाका रांची का कांके रहा, जहां न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 16.8 मिलीमीटर बारिश गोड्डा के बोआरीजोर में रिकॉर्ड की गई।
धूप ने छुड़ाए पसीने, जानिए बाकी शहरों का हाल
शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही आसमान एकदम साफ रहा और तीखी धूप खिली रही, जिसकी वजह से लोग दिनभर पसीने से तर-बतर रहे। शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम 21.4 डिग्री रहा। वहीं जमशेदपुर में पारा 31 डिग्री, डालटनगंज में 31.2 डिग्री, बोकारो में 32.1 डिग्री और चाईबासा में 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अब सबकी नजरें 8 सितंबर पर टिकी हैं, जब बादलों की एंट्री से मौसम फिर से सुहाना होने की उम्मीद है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






