तय समय से एक दिन पहले ही खत्म हुआ विधानसभा का मानसून सत्र!, लाठीचार्ज और धांधली के मुद्दे पर मचा भारी घमासान
विपक्षी विधायकों ने इन संवेदनशील मुद्दों को लेकर सदन के अंदर जोरदार हंगामा किया और सरकार विरोधी नारेबाजी की। माहौल इतना उग्र हो गया कि विधानसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का फैसला लेना पड़ा

Jharkhand Assembly Monsoon Session: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को JPSC और JSSC परीक्षाओं में हुई कथित धांधली तथा आंदोलनकारी छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई का मुद्दा छाया रहा। विधानसभा में पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच जबरदस्त हंगामा, तीखी नोकझोंक और नारेबाजी देखने को मिली। दो बार के स्थगन के बाद दोपहर जैसे ही दूसरी पाली की कार्यवाही शुरू हुई, दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया। आखिर में माहौल शांत न होते देख विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने दोपहर 2:28 बजे सदन की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार झारखंड विधानसभा के इस मानसून सत्र की कार्यवाही 12 अगस्त तक प्रस्तावित थी।
सुबह से ही शुरू हो गया था हंगामा, वेल में पहुंचे विधायक
सदन की पहली पाली की शुरुआत सुबह 11 बजे से ही हंगामेदार रही। जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी विधायकों ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और उनकी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए रोक दी। इसके बाद जब 12 बजे दोबारा सदन की बैठक शुरू हुई, तो विपक्ष और सत्ता पक्ष के विधायक अपनी-अपनी सीटों से उठकर सीधे सदन के वेल में जा पहुंचे। विपक्ष जहां मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहा था, वहीं सत्ता पक्ष भी विपक्ष पर पलटवार करते हुए नारेबाजी करने लगा।
बाबूलाल मरांडी ने लगाए गंभीर आरोप, CBI जांच की मांग
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे निर्दोष छात्रों पर सरकार ने जानबूझकर लाठियां बरसाई हैं। उन्होंने कहा कि छात्र बेहद शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन पर बल प्रयोग किया। विपक्ष लंबे समय से JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों की जांच CBI से कराने की मांग पर अड़ा हुआ है। हंगामे के बीच ही विधानसभा अध्यक्ष ने शून्यकाल की सभी सूचनाओं को पढ़ा हुआ मानकर संबंधित विभागों को भेजने का निर्देश दिया और दोपहर दो बजे तक के लिए बैठक फिर स्थगित कर दी।
विपक्ष की गैरमौजूदगी में पास हुआ था अनुपूरक बजट
दूसरी पाली में 2:06 बजे कार्यवाही दोबारा शुरू होते ही JPSC और JSSC मुद्दे को लेकर फिर से शोर-शराबा होने लगा। सरकार से जवाब और कार्रवाई की मांग को लेकर माहौल गर्माया रहा, जिसके चलते आखिरकार सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करना पड़ा। इससे पहले सोमवार को भी विपक्ष की गैरमौजूदगी में ही विधानसभा की कार्यवाही चली थी। इस दौरान राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 8,399 करोड़ 31 लाख 11 हजार रुपये का अनुपूरक बजट पास कराया था।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

JPSC लाठीचार्ज पर भड़के सुदेश महतो! ,बापू वाटिका में धरना देकर सरकार को दी खुली चेतावनी

छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में गिरिडीह में BJP का प्रदर्शन, सड़कों पर उतरे हजारों कार्यकर्ता







