रांची में बीच रोड बदमाश कर रहे थे युवक से मारपीट, पुलिस वैन मौके से गुजरी.. नजारा देख चली गई, वीडियो वायरल
28 मई की एक वीडियो के आधार पर रांची पुलिस सवालों के घेरे में आ गई है. कुछ बदमाश युवक से मारपीट कर रहे थे, वहीं से पुलिस की गाड़ी गुजरती है जिसे पीड़ित युवक ने इशारे से रोका. लेकिन पुलिस गाड़ी नजरअंदाज कर चली गई.

Ranchi, Jharkhand: राजधानी रांची के अपर बाजार स्थित बालाजी बुटिक के पास कुछ बदमाशों ने एक युवक को हथियार के बल पर रोककर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान कोतवाली थाना की पेट्रोलिंग वैन मौके के पास से गुजर रही थी, लेकिन पीड़ित की गुहार सुनने के बावजूद पुलिसकर्मी नहीं रुके और आगे बढ़ गए. यह घटना 28 मई 2026 की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है.
घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल फुटेज में कुछ लोग एक युवक को घेरकर मारते हुए दिखाई दे रहे हैं. हालांकि मारपीट की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि युवक के साथ क्यों मारपीट की जा रही है. ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि किसी पुराने विवाद की वजह से मारपीट की जा रही थी.
घटना के बाद महेश कुमार ने कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दर्ज शिकायत के अनुसार 28 मई की रात सत्येंद्र सिंह, रोहित सिंह, विशाल घोष, मोटी और ऋषभ सिंह ने हथियार के बल पर उन्हें रोका और जमकर मारपीट की. आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने न केवल शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया बल्कि उन्हें लगातार डराने और धमकाने का भी प्रयास किया.
जानकारी के अनुसार प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. वहीं इस मामले पर जब सवाल उठा कि घटना के वक्त पुलिस की गाड़ी घटनास्थल से गुजरी तब भी कोई एक्शन क्यों नहीं लिया गया. इस पर सीटी एसपी पारस राणा ने कहा कि जिसके साथ मारपीट हुई थी, उन्होंने पुलिस गाड़ी को आवाज़ नहीं दी ना कोई इशारा किया था, जबकि सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि पीड़ित युवक ने इशारा कर रुकने को कहा था. जिसके बाद बदमाशों ने उन्हें जाने को कहा और पुलिस वैन वहां से चली भी गई.
(शाही अली की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

चतरा में कुदरत का कहर: इटखोरी में आकाशीय बिजली गिरने से महिला की दर्दनाक मौत

राजेश एक्सपोर्ट्स के कथित ₹15.15 लाख करोड़ घोटाले पर कांग्रेस का हमला, LIC निवेशकों के हितों की रक्षा की मांग







