अनशन पर बैठे छात्र से मिले मंत्री इरफान अंसारी, बोले- 'आंदोलनकारी छात्र हमारे अपने बच्चे हैं'
JPSC समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में अनशनरत छात्र राहुल क्रांतिकारी से स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रांची सदर अस्पताल में मुलाकात की। उन्होंने बेहतर इलाज के निर्देश देते हुए कहा कि आंदोलनकारी छात्र सरकार के अपने बच्चे हैं और उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Ranchi: JPSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर रांची सदर अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने अनशन के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद भर्ती किए गए आंदोलनकारी छात्र राहुल क्रांतिकारी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
डॉक्टरों से ली स्वास्थ्य की पूरी जानकारी
अस्पताल पहुंचने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने इलाज कर रहे चिकित्सकों से राहुल क्रांतिकारी की स्वास्थ्य स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और छात्र के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
'छात्र हमारे अपने बच्चे हैं'
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि आंदोलन कर रहे छात्र राज्य के अपने बच्चे हैं और उनकी सुरक्षा तथा स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि किसी भी आंदोलनकारी छात्र को इलाज या स्वास्थ्य संबंधी किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
JPSC मुद्दे पर जारी है छात्र आंदोलन
गौरतलब है कि JPSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्र रांची में लगातार आंदोलन कर रहे हैं। इसी आंदोलन के दौरान अनशन पर बैठे छात्र राहुल क्रांतिकारी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज जारी है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









