मेदिनीनगर : जमीनी विवाद में भतीजे ने चाचा को मारी गोली, मंदिर से पूजा कर लौट रहे थे संजय तिवारी
संजय तिवारी शनिवार सुबह रोज की तरह पूजा-अर्चना के लिए घर से निकले थे. जीएलए कॉलेज के समीप स्थित मंदिर में पूजा करने के बाद जैसे ही वे बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे उनके सगे भतीजे प्रीतम तिवारी ने उन पर गोली चला दी.

Medininagar, Jharkhand : शहर के जीएलए कॉलेज के समीप शनिवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. लंबे समय से चल रहे पारिवारिक भूमि विवाद में एक भतीजे ने अपने ही सगे चाचा संजय तिवारी को गोली मार दी. गोली लगने से गंभीर रूप से घायल संजय तिवारी को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
जानकारी के अनुसार संजय तिवारी शनिवार सुबह रोज की तरह पूजा-अर्चना के लिए घर से निकले थे. जीएलए कॉलेज के समीप स्थित मंदिर में पूजा करने के बाद जैसे ही वे बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे उनके सगे भतीजे प्रीतम तिवारी ने उन पर गोली चला दी. गोली लगते ही संजय तिवारी मौके पर ही गिर पड़े. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया.
घायल के पिता ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा है. मामला न्यायालय में विचाराधीन है और शनिवार को ही इस मामले की अदालत में सुनवाई की तारीख निर्धारित थी. परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण सुनियोजित तरीके से इस हमले को अंजाम दिया गया.
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल को तत्काल एमएमसीएच पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस अस्पताल पहुंचकर परिजनों से पूछताछ कर रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश जारी है.
(मेदिनीनगर से दीपक की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









