आरा में मेघदूत इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख
बीती रात अज्ञात कारणों से शोरूम के फर्स्ट फ्लोर पर अचानक आग लग गई, जिससे वहां रखे फ्रिज, एसी और कूलर सहित लाखों रुपये की संपत्ति जलकर बर्बाद हो गई.

Bhojpur, Bihar : आरा शहर स्थित टाउन थाना क्षेत्र के शिवगंज इलाके में स्थित सपना सिनेमा के समीप मेघदूत इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में गुरुवार की रात लगी भीषण आग. बीती रात अज्ञात कारणों से शोरूम के फर्स्ट फ्लोर पर अचानक आग लग गई, जिससे वहां रखे फ्रिज, एसी और कूलर सहित लाखों रुपये की संपत्ति जलकर बर्बाद हो गई. शहर के व्यस्त इलाके में स्थित इस शोरूम में हुई इस घटना ने व्यवसायियों के बीच सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है.
लाखों की संपत्ति का नुकसान
इधर, घटना के संबंध में शोरूम के प्रोपराइटर शेखर गुप्ता ने बताया कि वे गुरुवार की रात करीब साढ़े नौ बजे अपनी दुकान सुरक्षित बंद कर घर चले गए थे. किसी को भी आग लगने की भनक नहीं लग पाई. शुक्रवार की सुबह जब शोरूम का स्टाफ करीब साढ़े नौ बजे दुकान खोलने पहुंचा, तो शटर उठाते ही अंदर से काला धुआं निकलता देख वह दंग रह गया. भीतर का नजारा भयावह था, जहां रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह जल चुका था.
शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग !
सूचना मिलते ही प्रोपराइटर शेखर गुप्ता तुरंत मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि आग शोरूम के फर्स्ट फ्लोर पर लगी थी, जो बाद में स्वतः ही बुझ गई. प्रारंभिक जांच और स्थिति को देखते हुए उन्होंने आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट को बताया है. इस भीषण अग्निकांड में प्रोपराइटर के अनुसार लगभग आठ से दस लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है.
पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय टाउन थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने प्रोपराइटर शेखर गुप्ता से मिलकर पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली है. फिलहाल, पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है ताकि अग्निकांड के कारणों की पुष्टि की जा सके.
(भोजपुर से नेहा गुप्ता की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रिलेशनशिप को लेकर फिर विवादों में घिरे तेज प्रताप यादव, अनुष्का के भाई ने जबरन घर में घुसने का लगाया आरोप

मोतिहारी पुलिस की कार्रवाई में 24 नाबालिग मुक्त, ऑर्केस्ट्रा की आड़ में थे शोषण के शिकार







