धनबाद में गुटखा लदे ट्रक में लगी भीषण आग, जांच के बाद गोदाम सील
धनबाद के विशुनपुर स्थित रजवार बस्ती में गुटखा से लदे ट्रक में भीषण आग लग गई, जिसमें चालक गंभीर रूप से झुलस गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है। घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित गोदाम को सील कर जांच शुरू कर दी है।

Dhanbad: धनबाद जिले के विशुनपुर स्थित रजवार बस्ती में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गुटखा से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से ट्रक चालक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
राजस्थान का रहने वाला है घायल चालक
जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक 30 वर्षीय मुबारक, राजस्थान के भरतपुर का निवासी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए उसे धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने गोदाम किया सील
हादसे के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और संबंधित गुटखा गोदाम की जांच की। जांच के दौरान आवश्यक कार्रवाई करते हुए गोदाम को सील कर दिया गया।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि गोदाम से जुड़े दस्तावेजों और खाद्य सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









