Jharkhand (Ranchi): देश में बढ़ते वैश्विक तनाव का असर अब रसोई गैस पर भी पड़ने लगा है. इस बीच 19 किलोग्राम वजन वाले कमर्शियल LPG सिलेंडरों की सप्लाई पर अघोषित रोक लगा दी गई है. इस वजह से होटल संचालकों और आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि गैस कंपनियों की ओर से इस संबंध में कोई औपचारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है, लेकिन गैस एजेंसियों को मैसेज के जरिए इसकी जानकारी दे दी गई है.
राज्य में इन दिनों 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडरों की कमी देखने को मिल रही है. बताया जा रहा है कि सप्लाई में आई इस कमी की वजह से गैस एजेंसियों को पर्याप्त सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं. नतीजतन होटल, रेस्टोरेंट और अन्य कमर्शियल उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा.
झारखंड के HP गैस प्रेसिडेंट डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के राजेंद्र कुमार ने बताया कि इन दिनों LPG सिलेंडर की कमी हो रही है. उन्होंने कहा कि होटल संचालकों की ओर से लगातार सिलेंडर के लिए कॉल आ रहे हैं, लेकिन पर्याप्त सप्लाई नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
इस कमी का असर सिर्फ होटल और व्यापारियों पर ही नहीं, बल्कि आम लोगों पर भी पड़ रहा है. कई घरेलू महिलाओं ने भी चिंता जाहिर की है. उनका कहना है कि होली जैसे बड़े त्योहारों के समय भी उन्हें आसानी से LPG सिलेंडर नहीं मिल सका.
महिलाओं का कहना है कि मजबूरी में उन्हें सिलेंडर ब्लैक में खरीदना पड़ा, जिससे खर्च भी बढ़ गया. साथ ही उन्होंने बताया कि सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और समय पर उपलब्धता नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
केंद्र सरकार का आदेश
केंद्रीय मंत्रालय की ओर से एलपीजी कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि फिलहाल 19, 47.5 व 425 किलोग्राम के व्यावसायिक सिलेंडरों की रिफिलिंग बंद रखी जाए. घरेलू एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है.
वहीं, एनआरएआई ने कहा कि कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि सरकार ने साफ किया है कि रेस्टोरेंट इंडस्ट्री के लिए कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई पर कोई बैन नहीं है. लेकिन, जमीनी हालात अलग हैं. सप्लायर इसे सप्लाई करने में असमर्थता जता रहे हैं. इससे रेस्टोरेंट इंडस्ट्री और बदले में नागरिकों के लिए जरूरी सर्विस के तौर पर खाने की सप्लाई पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है.
कहां-कहां लगाई गईं पाबंदियां
झारखंड
झुमरीतिलैया में इंडेन गैस के वितरक रामपाल गैस एजेंसी के मैनेजर राजू अजमानी ने बताया कि कंपनियों द्वारा सॉफ्टवेयर अपडेट कर दिया गया है. नई व्यवस्था के अनुसार अब उपभोक्ता 25 दिन बाद ही अगला सिलिंडर प्राप्त कर सकेंगे.
पंजाब
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 8 मार्च को पूरे पंजाब में नॉन-डोमेस्टिक एलपीजी सिलेंडर भेजना रोक दिया. इस रोक में 19 किग्रा. के कमर्शियल पैक और बड़े इंडस्ट्रियल सिलेंडर शामिल हैं. डिस्ट्रीब्यूटर्स को सलाह दी गई है कि वे 25 दिन के समय से पहले किसी भी रिफिल बुकिंग को मना कर दें.
हिमाचल प्रदेश
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ सहित हिमाचल प्रदेश में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति अनिश्चितकाल के लिए रोक दी गई है. बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक है. यहां पैकेजिंग, फार्मा, गत्ता निर्माण, फूड प्रोसेसिंग और अन्य कई उद्योगों में प्रतिदिन हजारों व्यावसायिक सिलिंडरों का उपयोग होता है.
इसके साथ ही होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और फूड आउटलेट्स में भी 19 किलो के व्यावसायिक सिलेंडर इस्तेमाल किए जाते हैं. सिलेंडरों की सप्लाई बंद होने से उद्योगों और कारोबारियों के सामने उत्पादन और सेवाएं जारी रखना मुश्किल होता जा रहा है.
उत्तर प्रदेश
यूपी के कानपुर में भी एलपीजी को लेकर ग्राहकों की परेशानी बढ़ने लगी है. ग्राहक एलपीजी की बुकिंग तो करा रहे हैं लेकिन कई दिन बाद भी उनके घर तक सिलिंडर नहीं पहुंच रहा है.
इस बीच एलपीजी की कालाबाजारी भी होने लगी है. जो लोगों एजेंसियों से सिलेंडर नहीं ले पाते हैं, उनको कालाबाजारी करने वाले 1400 से 1500 रुपये में सिलेंडर बेच रहे हैं. वहीं एलपीजी एजेंसियों का कहना है कि पर्याप्त संख्या में सिलेंडर उपलब्ध है.
वहीं, गाजियाबाद में भी व्यवसायिक गैस सिलेंडर में गैस भरने पर रोक लगा दी है. इस संंबंध में सभी गैस एजेंसी संचालकों को गैस कंपनियों की ओर से संदेश भेजा गया है.
रिपोर्ट: महक मिश्रा








