Ranchi News: राजधानी रांची में 21 मार्च 2026 (शनिवार) को ईद और प्राकृतिक पर्व सरहुल को लेकर ट्रैफिक रुट में बड़े बदलाव किए गए हैं. इसके तहत सुबह करीब 6 बजे से रात के 12 बजे तक शहर में भारी वाहनों और मालवाहक गाड़ियों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है. इसे लेकर रांची ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने विशेष जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि ईद की विशेष नमाज अदा होने तक हरमू रोड सहित मेन रोड और कई मार्गो में सुबह से वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. जबकि प्राकृतिक पर्व सरहुल की शोभा यात्रा को लेकर दोपहर करीब 12 बजे से मेन रोड में वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा. ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि सरहुल शोभा यात्रा को लेकर शहर में कई मार्गों में बदलाव किया गया है.
हरमू बाईपास रोड पर सुबह के 6 बजे से नमाज के खत्म होने तक किशोरगंज चौक से रातू रोड चौक के बीच मार्गों पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह से बंद रहेगा. छोटे वाहनों को किशोरगंज चौक पर रोकते हुए उसे रांची लेक रोड (बड़ा तालाब) होते हुए अपर बाजार की ओर डायवर्ट किया गया है इसी तरह छोटी वाहनें भी उसी मार्ग से होते हुए जाएंगे. हालांकि इस अवधि में छोटे-बड़े कोई भी व्यावसायिक वाहन उक्त मार्ग का प्रयोग नहीं कर सकेंगे. आंबेडकर चौक से लेकर राजेंद्र चौक के बीच का रास्ता भी बंद रहेगा. वाहन युवराज होटल की ओर से राजेंद्र चौक के पश्चिमी हिस्से से आ-जा सकेंगे.
इन मार्गों पर किया गया ट्रैफिक डायवर्जन
-मेन रोड में रतन पीपी से गुप्ता भंडार के बीच वाहनों का आवागमन बंद रहेगा. अलबर्ट एक्का चौक की ओर से डोरंडा की तरफ जाने वाली छोटी गाड़ियां सर्जना चौक से मुड़ते हुए कांटाटोली और बहुबाजार रोड होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे.
-वहीं, डोरंडा की तरफ से आने वाली गाड़ियां सुजाता चौक से क्लब रोड होते हुए मुंडा चौक की ओर से अपने गंतव्य स्थान पर जा सकेंगी. जबकि सुजाता चौक से डोरंडा की तरफ जाने वाले वाहन स्मार्ट बाजार (बिग बाजार), कडरू ब्रिज होते हुए अपने गंतव्य स्थान की ओर जाएंगे.
-गाड़ियां प्लाजा चौक से होते हुए लालपुर चौक तक नहीं चलेंगी. पुस्तक पथ अपर बाजार में शहीद चौक से गांधी चौक तक भी वाहनों का परिचालन पूरी तरह से बंद रहेगा.
-हिल व्यू से बरियातू मस्जिद तक बाए मार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा. मेन रोड स्थित सैनिक मार्केट, काली मंदिर चौक, टैक्सी स्टैंड और फिरायालाल और हरमू ईदगाह के लिए रातू रोड स्थित गोशाला के सामने पार्किंग की व्यवस्था होगी.
-शहरी क्षेत्र में शनिवार यानी 21 मार्च की सुबह 6 से रात करीब साढ़े 12 बजे तक भारी वाहनों की नो इंट्री रहेगी. ये वाहने रिंग रोड होते हुए चलेंगे. SSP आवास चौक से कचहरी चौक, शहीद चौक जाने वाले मार्गों पर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा.
-सर्कुलर रोड की तरफ से आने वाले वाहन जेल चौक के पार तक ही जा सकेंगे और वहीं से अन्य दूसरे मार्गों पर जा सकेंगे. जाकिर हुसैन पार्क से कमिश्नर चौक, रेडियम चौक की ओर आने वाले सड़क मार्ग में सामान्य वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा. पुराना नगर निगम कार्यालय वाले मार्ग से कमिश्नर चौक की ओर भी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा.
-जबकि अपर बाजार से शहीद चौक की तरफ आने वाले सामान्य वाहनों का परिचालन भी ठप रहेगा. चडरी तालाब से अलबर्ट एक्का चौक की ओर आने वाले सामान्य वाहन नहीं आ-जा सकेंगे.
-थड़पखना वाले मार्ग में सामान्य वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा. पुरुलिया रोड से सर्जना चौक सामान्य वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा, विष्णु सिनेमा मार्ग से मेन रोड की ओर आने वाले सामान्य वाहनों का परिचालन भी बंद रहेगा, पश्चिमी अपर बाजार से टैक्सी स्टैंड की तरफ सामान्य वाहन नहीं आएंगे.
-चर्च रोड से मेन रोड की तरफ आने वाले सामान्य वाहनों की भी नो इंट्री रहेगी. उल हाउस के पास मेन रोड की ओर आने वाले सामान्य वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा, कर्बला से रतन पीपी की तरफ आने वाले सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा.
-पीपी कंपाउंड से सुजाता चौक की ओर जाने वाले वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा. राजेंद्र चौक से ओवरब्रिज, सुजाता चौक की ओर किसी भी प्रकार के वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा. पटेल चौक से मुंडा चौक की ओर परिचालन बंद रहेगा. मेकॉन चौक से मुंडा चौक फ्लाईओवर पर परिचालन बंद रहेगा.
-बहुबाजार से मुंडा चौक, सिरमटोली सरना स्थल तक सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. कांटाटोली से बहुबाजार की ओर जाने वाले वाहनों का परिचालन बहुबाजार तक ही होगा. पिस्का मोड़ से रातू रोड न्यू मार्केट चौक से आने वाले वाहनों का परिचालन भी वर्जित रहेगा, जबकि अन्य मार्गों में सरहुल शोभायात्रा के आधार पर यातायात निर्धारित किए जाएंगे.









