झारखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 46 आईपीएस अधिकारियों का तबादला
कई जिलों में नए एसपी की तैनाती, जमशेदपुर सहित वरिष्ठ स्तर पर भी बड़ा फेरबदल; गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना

*रांची*:- झारखंड सरकार ने राज्य पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए एक साथ 46 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस संबंध में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।
सरकार के आदेश के अनुसार कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) की नियुक्ति की गई है। निधि द्विवेदी को सरायकेला-खरसावां का एसपी बनाया गया है, जबकि अमन कुमार को हजारीबाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आशुतोष शेखर को गढ़वा, अनुदीप सिंह को पाकुड़, प्रवीण पुष्कर को देवघर, मुकेश कुमार लुनायत को रामगढ़, नाथू सिंह मीणा को बोकारो और अनिमेष मैथानी को चतरा का एसपी नियुक्त किया गया है।
जमशेदपुर में भी अहम बदलाव किए गए हैं। ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग को खूंटी का एसपी बनाया गया है। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष को कोडरमा भेजा गया है। जमशेदपुर के नए सिटी एसपी के रूप में ललित मीणा को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि शुभम कुमार खंडेलवाल को ग्रामीण एसपी नियुक्त किया गया है।
वरिष्ठ स्तर पर भी फेरबदल हुआ है। एडीजी मनोज कौशिक को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ एडीजी मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं पंकज कंबोज को झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के एमडी के साथ-साथ एडीजी मानवाधिकार का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
इसके अलावा झारखंड विद्युत बोर्ड में सुरक्षा एवं निगरानी के पुलिस महानिदेशक को अगले आदेश तक आईजी अभियान, रांची का प्रभार दिया गया है। शैलेंद्र कुमार सिंह को आईजी पलामू के पद से हटाया गया है। राज्य सरकार के इस व्यापक तबादले को प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









