Bihar (Nawada): नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है. बिहार एसटीएफ और नवादा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित नक्सली संगठन PLFI के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है.

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई बीती रात 20/21 मार्च 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई. संयुक्त टीम ने रजौली थाना क्षेत्र में छापेमारी कर PLFI के दो सक्रिय नक्सलियों को धर दबोचा.
गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान दयानंद राजवंशी उर्फ गुर्जर उर्फ पप्पू पिता स्व रामेश्वर राजवंशी और मिथलेश राजवंशी पिता सादो राजवंशी के रूप में हुई है. दोनों आरोपी रजौली थाना क्षेत्र के हरदिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं.
गिरफ्तारी के बाद दोनों नक्सलियों की निशानदेही पर पुलिस ने रजौली थाना क्षेत्र के भानेखाप स्थित पहाड़ी और जंगली इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया. इस दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में अवैध हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की.
बरामद सामान में शामिल:
- 315 बोर की दो राइफल
- 20 जिंदा कारतूस
- टैक्टिकल गियर बुलेटप्रूफ प्लेट के साथ
- एक बुलेटप्रूफ पटका
- 9 डेटोनेटर
- 40.625 किलो से अधिक विस्फोटक पदार्थ
- करीब 100 मीटर कोर्डेक्स
पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री से यह आशंका जताई जा रही है कि नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे.
पुलिस कार्रवाई जारी:
फिलहाल इस मामले में रजौली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई जारी है. सुरक्षा एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं.
सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सलियों के मंसूबों पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है. साथ ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है.
रिपोर्ट: सोनू सिंह









