शिवपुरी प्रेम-प्रसंग की जानलेवा दास्तान: होटल के कमरे में प्रेमी ने गला रेतकर कर दी प्रेमिका की हत्या
शिवपुरी पुलिस गुमशुदगी की तलाश पूरी होने के बाद दोनों को अपने साथ ला ही रही थी कि प्रेमी ने लड़की की बेरहमी से हत्या कर दी.

Shivpuri, MP: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले का प्रेमी जोड़ा घर छोड़कर 8 जून को ही भाग निकला था. किसे पता था कि अपने जिस प्रेमी पर भरोसा कर लड़की ने अपना घर तक छोड़ दिया था, वही प्रेमी उसकी जान तक ले सकता है. थाना में दोनों के गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी. जिसके बाद 12 जून को पुलिस ने दोनों के मोबाइल ट्रेस कर स्थान का पता लगाया. उन्हें गुजरात के राजकोट से वापस शिवपुरी लाया जा रहा था. इसी दौरान लड़के ने अपनी प्रेमिका की गरदन रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी.
घटना शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरसमा गांव की है. यहीं के रहने वाले संतोष और रजनी ने 8 जून को साथ में घर छोड़ा था, जिसके बाद घर वालों ने 'देहात' थाना में उनके लापता होने का मामला दर्ज कराया था. पुलिस ने मोबाइल कॉल का लोकेशन ट्रेस कर गुजरात के राजकोट में होने का पता लगाया. बताया जा रहा है कि राजकोट से शिवपुरी लाने के क्रम में सभी गुजरात के गांधीनगर स्थित उदयपुर एक्सप्रेसवे पर एक होटल रायन इन पोर्ट में रुके.
होटल से रात करीब दो बजे चीखने-चिल्लाने की आवाज आने लगी. आनन-फानन में पुलिस ने जैसे ही कमरे का दरवाजा खोला लड़की मृत और कटे गले के साथ लहूलुहान पड़ी मिली और संतोष भी गंभीर हालत में मिला. होटल में ही रात में लड़के ने धारदार चाकू से लड़की की गला काटकर नृशंस तरीके से मौत के घाट उतार डाला. जानकारी के अनुसार लड़की की मौत मौके पर ही हो गई थी. वहीं प्रेमिका पर हमले के बाद लड़के ने खुद की जान लेने की कोशिश में अपने गले पर भी जानलेवा वार किया. हत्यारे प्रेमी को पुलिस ने गुजरात के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
शिवपुरी पुलिस ने बताया कि उनके द्वारा मामले की संपूर्ण जान की जा रही है. फिलहाल लड़के ने लड़की की हत्या क्यों की, इसका खुलासा नहीं हो सका है. संभव है कि लड़के की सेहत बेहतर होने पर हत्या के कारणों का पता लग सके.
(अशोक सोनी की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस को आज मिलेगी हरी झंडी, बिहार-महाराष्ट्र के यात्रियों को बड़ी राहत

गोड्डा में गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत: प्रेम प्रसंग के विवाद में हत्या की जताई जा रही आशंका







