गोड्डा में कहर बनकर गिरी आसमानी बिजली, बकरी चरा रहे किसान की मौके पर मौत
गोड्डा में मौसम के अचानक बदलने और बारिश के कारण लोगों को गर्मी से एक तरफ राहत मिली, वहीं दूसरी ओर आसमान से गिरी बिजली ने एक जिंदगी छीन ली. मेहरमा प्रखंड के निवासी 45 साल के अमरेंद्र की मौत हो गई.

Godda, Jharkhand : जिले में शनिवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ली. झमाझम बारिश जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दे रही थी, वहीं मेहरमा प्रखंड से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. बलबड्डा थाना क्षेत्र के खिरौंधी गांव में आसमान से बरसी मौत ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं.
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8 बजे मूसलाधार बारिश के बीच अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी. उसी दौरान खिरौंधी गांव निवासी 45 वर्षीय अमरेंद्र मंडल खेत में बकरियां चरा रहे थे. देखते ही देखते वज्रपात की चपेट में आए अमरेंद्र जमीन पर गिर पड़े. बिजली का झटका इतना जबरदस्त था कि उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. अमरेंद्र की सांसें थम चुकी थीं. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और मृतक के घर चीख-पुकार मच गई.
ग्रामीणों ने बताया कि अमरेंद्र मंडल मेहनत-मजदूरी और पशुपालन के सहारे अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. घटना की सूचना मिलते ही बलबड्डा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया.
इधर, मृतक के परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत कोष के तहत उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है. वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द राहत उपलब्ध कराने की अपील की है.
(गोड्डा से प्रिंस यादव की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

राजेश एक्सपोर्ट्स के कथित ₹15.15 लाख करोड़ घोटाले पर कांग्रेस का हमला, LIC निवेशकों के हितों की रक्षा की मांग

रांची पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन: 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत किया पौधारोपण







