‘घर छोड़कर चले जाओ, वरना...’ रांची में सिविल जज को धमकी देने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस
रांची के आनंदपुर में सिविल जज शरत निशिकांत कुजूर को कथित धमकी और गाली-गलौज के मामले में चुटिया थाना पुलिस ने FIR दर्ज की है। CCTV फुटेज की भी जांच होगी।

Ranchi: रांची के स्टेशन रोड आनंदपुर में एक सिविल जज से कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में गिरिडीह के सिविल जज (वरीय कोटि) सह न्यायिक दंडाधिकारी शरत निशिकांत कुजूर ने चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जज के अनुसार, उनकी पत्नी और बच्चे फिलहाल आनंदपुर स्थित मकान संख्या 94 में रहते हैं। नौ अगस्त की शाम कडरू से घर लौटने के दौरान उन्होंने देखा कि पड़ोसी विमल कुमार एक्का ने घर के निकास द्वार के पास ऊंचा सड़क अवरोधक बना दिया है।
अवरोधक हटाने पर गाली-गलौज का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, जज ने जब सड़क अवरोधक हटाकर घर से आने-जाने का रास्ता बनाने का प्रयास किया तो विमल कुमार एक्का और रजत मौसम एक्का ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की।
आरोप है कि इस दौरान विमल एक्का ने जज और उनके परिवार को लेकर अमर्यादित टिप्पणियां कीं। प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से गंभीर आरोप लगाए गए।
परिवार समेत उठाने और जान से मारने की धमकी का आरोप
मामले में रजत मौसम एक्का पर कथित तौर पर जज को संपत्ति छोड़कर चले जाने के लिए कहने का आरोप लगाया गया है। प्राथमिकी के मुताबिक, ऐसा नहीं करने पर परिवार समेत उठवा लेने और जान से मारने की धमकी दी गई।
जज ने पुलिस को दिए आवेदन में पूरी घटना का उल्लेख करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
CCTV कैमरे में घटना रिकॉर्ड होने का दावा
सिविल जज के अनुसार, घटना उनके घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना से संबंधित फुटेज में पूरे मामले की जानकारी मिल सकती है।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े आरोपों की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

कहीं आपका जिला भी तो नहीं?, मौसम विभाग ने झारखंड के 8 जिलों के लिए जारी किया ऑरेंज अलर्ट

रेल यात्रियों की बढ़ी परेशानी!, विकास कार्यों के चलते कई ट्रेनें रद्द, कुछ का बदला जाएगा मार्ग







