कंचन महतो मर्डर केस उठा पर्दा, फरसे से काटकर की गई थी हत्या, रांची पुलिस ने तीन को दबोचा
रांची पुलिस ने राहे थाना क्षेत्र के कंचन महतो हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार नशे की हालत में हुए विवाद के बाद फरसे से हमला कर हत्या की गई।

राजधानी रांची के राहे थाना क्षेत्र के पारमडीह ढुंगरीटोला में एक सुनसान जगह पर मिले अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया फरसा और अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया है।
सुनसान जगह पर मिली थी लाश, ऐसे हुई पहचान
गत 4 अगस्त 2026 को राहे थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि पारमडीह ढुंगरीटोला के एक सुनसान इलाके में किसी अज्ञात व्यक्ति की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही राहे थाना में कांड संख्या 18/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश और ग्रामीण एसपी के मार्गदर्शन में बुंडू एसडीपीओ ओमप्रकाश के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के गांवों में गहन पूछताछ की, जिसके बाद मृतक की पहचान सिल्ली थाना क्षेत्र के गोढ़ा निवासी कंचन महतो के रूप में हुई।
नशे में गाली-गलौज के बाद भड़का गुस्सा
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने सनसनीखेज खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि वे पैसों की तंगी से जूझ रहे थे और इलाके में लूटपाट की योजना बना रहे थे। घटना के दिन तीनों आरोपी नशे में थे, इसी दौरान उनकी मुलाकात कंचन महतो से हुई और किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
आरोपियों के मुताबिक, मृतक द्वारा गाली-गलौज किए जाने पर उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। इसके बाद रमन दास और उसके साथियों ने मिलकर कंचन महतो पर फरसे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इनकी हुई गिरफ़्तारी
1. रमन दास उर्फ रामदूत (उम्र करीब 19 वर्ष, निवासी गोमदा, राहे)
2. फागु तेली (उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी राहे)
3. षष्टी कुमार दास (उम्र करीब 19 वर्ष, निवासी राहे)
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फरसा, एक हीरो स्प्लेंडर बाइक, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि इस वारदात में किसी अन्य की संलिप्तता थी या नहीं। इस खुलासे में बुंडू, राहे, सोनाहातु और दशमफॉल थाना की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









