JSSC-CGL घोटाला : मास्टरमाइंड अभय तिवारी का भाई अक्षय और भाभी गिरिडीह से हिरासत में, अलग-अलग थानों में पूछताछ
JSSC-CGL कथित घोटाले की जांच में CID और गिरिडीह पुलिस ने अभय तिवारी के भाई अक्षय और भाभी को हिरासत में लिया है। दोनों से अलग-अलग थानों में पूछताछ जारी है।

Giridih: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ी और फर्जीवाड़े के मामले में जांच का दायरा बढ़ाते हुए अपराध अनुसंधान विभाग (CID) और गिरिडीह पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। सीआईडी के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने इस पूरे घोटाले के मुख्य मास्टरमाइंड अभय तिवारी के भाई अक्षय तिवारी और उसकी पत्नी (अभय तिवारी की भाभी) को हिरासत में ले लिया है।
अलग-अलग थानों में रखे गए हैं दोनों संदिग्ध
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों को पूछताछ के लिए जिले के अलग-अलग थानों में कड़े पहरे के बीच रखा गया है। अक्षय तिवारी की पत्नी यानी अभय तिवारी की भाभी को महिला थाना में दो महिला पुलिस जवानों की कड़ी निगरानी में रखा गया है, जबकि अक्षय तिवारी को जिले के ही गांडेय थाना में रखकर पूछताछ की जा रही है। दोनों को थाने के बंद कमरे में रखा गया है ताकि मामले से जुड़े हर एक पहलू की गहराई से छानबीन की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने साधी चुप्पी, नेटवर्क खंगालने में जुटी एजेंसी
मामला जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर हुई धांधली और संगठित सिंडिकेट से जुड़ा होने के कारण गिरिडीह पुलिस और प्रशासनिक महकमे में पूरी तरह गोपनीयता बरती जा रही है। फिलहाल कोई भी आधिकारिक पुलिस अधिकारी इस संबंध में खुलकर कुछ भी बताने से बच रहा है। हालांकि, अंदरखाने के सूत्रों का कहना है कि मास्टरमाइंड अभय तिवारी के वित्तीय लेनदेन, संपत्तियों और परीक्षा सिंडिकेट में इन पारिवारिक सदस्यों की भूमिका को लेकर दोनों थानों में मैराथन पूछताछ की जा रही है। सीआईडी इस बात की कड़ी जोड़ने में जुटी है कि इस अवैध नेटवर्क में परिवार के अन्य कौन-कौन से लोग शामिल हैं और घोटाले का काला धन कहां-कहां खपाया गया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची के कई इलाकों में घरों में घुसा पानी, नदियां उफान पर, 203 MM बारिश रिकॉर्ड

रामगढ़ में बढ़ा डैम का जलस्तर, कभी भी खुल सकता है नलकारी डैम का फाटक ; प्रशासन ने जारी की चेतावनी







