झारखंड की बेटी पलक ने बनाई भारतीय टीम में जगह
पिछले पांच वर्षों से लगातार मेहनत और शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम. झारखंड अंडर-19 टीम में बेहतरीन खेल के दम पर टीम इंडिया में हुआ चयन.

रांची की युवा क्रिकेटर पलक के लिए वर्षों की मेहनत आखिरकार रंग लाई है। श्रीलंका दौरे के लिए घोषित भारतीय टीम में उनका चयन हुआ है, जिससे उनके परिवार और झारखंड क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है।
फिरायालाल क्षेत्र की रहने वाली पलक पिछले पांच वर्षों से क्रिकेट के मैदान पर लगातार पसीना बहा रही हैं। झारखंड अंडर-19 टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन करने के बाद उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (पूर्व एनसीए) में प्रशिक्षण का मौका मिला। वहां भी उन्होंने अपने खेल से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया, जिसके दम पर उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली।
पलक वर्तमान में बूटी क्रिकेट क्लब से जुड़ी हैं। उन्होंने बताया कि दो वर्ष पहले उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें जेएससीए द्वारा सम्मानित भी किया गया था। क्रिकेट के साथ-साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई भी जारी रखी है। हाल ही में उन्होंने 11वीं की परीक्षा पास की है और अब 12वीं कक्षा के लिए आरटीसी कॉलेज में नामांकन लिया है। पलक की सफलता के पीछे उनके परिवार का अहम योगदान रहा है। उनकी मां झारखंड पुलिस में एएसआई के पद पर कार्यरत हैं और महिला थाना में तैनात हैं। पिछले वर्ष उनके पिता का निधन हो गया था, लेकिन परिवार ने हर परिस्थिति में उनका हौसला बनाए रखा। उनके दो बड़े भाइयों ने भी क्रिकेट के सफर में पूरा साथ दिया।
भारतीय टीम में चयन के बाद पलक ने अपनी उपलब्धि का श्रेय परिवार, कोच, जेएससीए प्रबंधन और उन सभी लोगों को दिया जिन्होंने उनके क्रिकेट करियर में सहयोग किया। अब उनकी नजरें भारतीय जर्सी में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने पर टिकी हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पतरातु के इस सड़क पर हैं बड़े-बड़े गड्ढे, अक्सर होती रहती हैं दुर्घटनाएं, फिर भी प्रशासन की नहीं है इसपर नजर

हरिहरगंज थाना पुलिस की कार्रवाई, दो देशी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार







