झारखंड राज्यसभा चुनाव: राजद कार्यालय पहुंचे कांग्रेस के दिग्गज, महागठबंधन ने किया जीत का दावा
झारखंड राज्यसभा चुनाव में समर्थन जुटाने के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्रियों ने पहली बार राष्ट्रीय जनता दल (RJD) कार्यालय का दौरा किया. बैठक के बाद महागठबंधन के नेताओं ने दोनों सीटों पर अपनी जीत का बड़ा दावा किया है.

Ranchi, Jharkhand : झारखंड में राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर महागठबंधन के भीतर भी रणनीतिक बैठकें और मुलाकातों का दौर बेहद तेज हो गया है. इसी कड़ी में कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार प्रणव झा और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित कई वरिष्ठ मंत्री वोट की अपील करने के लिए राँची स्थित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश कार्यालय पहुंचे. झारखंड के राजनीतिक इतिहास में यह पहली बार देखा गया जब कांग्रेस के शीर्ष नेता औपचारिक तौर पर रणनीति बनाने राजद कार्यालय पहुंचे थे. वहां राजद कोटे के मंत्रियों और विधायकों के साथ उनकी एक उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई.
आरजेडी कार्यालय में जमी सियासी महफिल
राजद कार्यालय में आयोजित इस बैठक में दोनों ही दलों के प्रमुख चेहरे मौजूद रहे. इसमें मुख्य रूप से राजद के राष्ट्रीय व केंद्रीय महासचिव भोला प्रसाद यादव, संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, श्रम रोजगार एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव और विधायक सुरेश पासवान शामिल हुए. बैठक के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा के पक्ष में वोटों के समीकरण और चुनाव के दिन की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई.
बिहार वाली गलती झारखंड में नहीं दोहराई जाएगी: भोला यादव
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला प्रसाद यादव ने एक बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि बिहार में जिस तरह एक व्यक्ति विशेष के कारण चूक हुई थी, वह गलती झारखंड में किसी भी कीमत पर नहीं दोहराई जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड में महागठबंधन पूरी तरह से इंटैक्ट (एकजुट) है और इसमें किसी भी प्रकार की कोई दरार नहीं है. भोला यादव ने दावा किया कि राजद हमेशा से गठबंधन धर्म का पालन करता रहा है और इस चुनाव में भी दोनों सीटों पर गठबंधन की जीत सुनिश्चित है.
एनडीए के डर के कारण विधायक पहुंचे होटल: दीपिका पांडेय
महागठबंधन की बैठक के बाद सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि हमारे गठबंधन के उम्मीदवार प्रणव झा की जीत तय है. उन्होंने एनडीए पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी खेमे के लोग पूरी तरह डरे हुए हैं, यही वजह है कि वे अपने सभी विधायकों को सुरक्षा के नाम पर रेडिसन ब्लू होटल में शिफ्ट कर रहे हैं. वहीं श्रम रोजगार मंत्री संजय यादव ने भी सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि हम सब एकजुट हैं और परिणाम हमारे पक्ष में आएगा. इधर, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा इस चुनाव को जीतने के लिए हॉर्स ट्रेडिंग का सहारा ले रही है और इसमें बिहार के कुछ लोग भी शामिल हैं.
(तनय खंडेलवाल की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची सदर अस्पताल ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, मिला The Best Blood Bank का अवार्ड

'प्रकृति हमें माफ नहीं करेगी': कृषि मेले के मंच से मुख्यमंत्री Hemant Soren की बड़ी चेतावनी







