झारखंड CGL पेपर लीक केस ने लिया नया मोड़!, ED ने दर्ज की ECIR, मनी ट्रेल खंगालने की तैयारी
झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामले में अब जांच की आंच और तेज हो गई है।
Ranchi: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामले में अब जांच की आंच और तेज हो गई है। JPSC परीक्षा में गड़बड़ी की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने अब झारखंड CGL पेपर लीक से जुड़े दोनों बड़े मुकदमों में ईसीआईआर दर्ज कर ली है। एजेंसी ने अब मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से पूरे मामले की गहराई से पड़ताल शुरू कर दी है, जिससे इस खेल में शामिल बड़े सफेदपोशों और दलालों के पसीने छूटने लगे हैं।
CID के सबूत मिलते ही लिया बड़ा एक्शन
ED ने साल 2024 में ही नामकुम थाने में दर्ज केस के आधार पर प्राथमिक जांच शुरू की थी। हालांकि, CID द्वारा दर्ज नए केस में जैसे ही पेपर लीक से जुड़े ठोस और पुख्ता सबूत सामने आए, ED ने बिना देर किए मनी लॉन्ड्रिंग का नया मामला दर्ज कर लिया। ईडी के सूत्रों का कहना है कि एजेंसी अब CID की जांच डायरी और जुटाए गए तमाम तकनीकी साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेगी। CID की रडार पर आए सभी संदिग्धों की भूमिका को बारीकी से परखा जाएगा ताकि यह पता चल सके कि पेपर लीक के बदले करोड़ों का काला धन कहां-कहां खपाया गया।
अभय तिवारी पर कसा शिकंजा, दोनों केस में बना आरोपी
सीजीएल परीक्षा को लेकर पहला केस नामकुम थाने में मधुमिता कुमार के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया था। लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, पुलिस ने इस मामले में अभय तिवारी का नाम जोड़ते हुए उसे मुख्य आरोपी बनाया। बताया जा रहा है कि दोनों ही मामलों में संदिग्धों की भूमिका एक-दूसरे से जुड़ी हुई है, जिसके चलते अब केंद्रीय एजेंसी के निशाने पर अभय तिवारी और उसका पूरा नेटवर्क आ चुका है।
पुलिस मुख्यालय और CID को लिखा जाएगा पत्र
इससे पहले ED ने राज्य पुलिस मुख्यालय से इस पूरे केस को लेकर कई अहम जानकारियां मांगी थीं, लेकिन तब एजेंसी को जरूरी दस्तावेज मुहैया नहीं कराए गए थे। अब हालात बदल चुके हैं और ED दोनों मामलों में नए सिरे से कड़े कदम उठाने जा रही है। एजेंसी बहुत जल्द CID और पुलिस मुख्यालय को आधिकारिक चिट्ठी भेजकर केस डायरी, बैंक खातों की डिटेल्स और आरोपियों के बयानों की कॉपी हासिल करेगी, जिसके बाद ताबड़तोड़ छापों और पूछताछ का नया दौर शुरू हो सकता है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






