बाजार गए परिवार के पीछे बंद घर से 8 लाख के जेवर पार!,जमशेदपुर में दो अलग-अलग इलाकों में बड़ी चोरी
पूर्वी सिंहभूम जिले के औद्योगिक शहर जमशेदपुर में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को सीधी चुनौती देते हुए दो अलग-अलग इलाकों में बड़ी वारदातों को अंजाम दिया।


Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के औद्योगिक शहर जमशेदपुर में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को सीधी चुनौती देते हुए दो अलग-अलग इलाकों में बड़ी वारदातों को अंजाम दिया। पहली घटना परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर गदरा स्थित गोकुल नगर के अंबेडकर नगर में सामने आई, जहां बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े एक बंद घर को निशाना बनाकर करीब 60 हजार रुपये नकद और 7 से 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। वहीं दूसरी वारदात सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित एक शराब दुकान में हुई, जहां चोरों ने पीछे का शेड काटकर गल्ले में रखे करीब 60 से 70 हजार रुपये उड़ा लिए।
परसुडीह में महज दो घंटे के भीतर 8 लाख के गहने और नकदी पार
परसुडीह थाना क्षेत्र के गोकुल नगर में चोरी की वारदात राजा शर्मा के घर में हुई। मिली जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त की दोपहर करीब तीन बजे राजा शर्मा अपने पूरे परिवार के साथ किसी निजी काम से परसुडीह बाजार गए हुए थे। करीब दो घंटे बाद शाम पांच बजे जब परिवार घर वापस लौटा, तो मुख्य दरवाजे और कमरों का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि आलमारी में रखे करीब 60 हजार रुपये नकद और लगभग 7 से 8 लाख रुपये मूल्य के सोने व चांदी के जेवरात गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और पुलिस टीम आसपास के इलाकों में सुराग जुटाकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
जनप्रतिनिधि ने जताई चिंता, पुलिस गश्ती तेज करने की मांग
दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज चोरी की घटना पर जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संवेदनशील मोहल्लों में नियमित पुलिस गश्ती और विशेष निगरानी तंत्र को मजबूत करने का आग्रह किया है।
बारीडीह में शेड काटकर शराब दुकान से नकदी उड़ाई, CCTV खंगाल रही पुलिस
उधर, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित शराब दुकान में भी चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया। दुकान संचालक के अनुसार, 14 अगस्त की रात दुकान बंद करने के बाद वह अपने घर चले गए थे। इसके बाद 16 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे जब दुकान खोलने पहुंचे, तो दुकान के पीछे लगा लोहे का शेड कटा हुआ मिला। दुकान के अंदर जाकर जांच करने पर काउंटर के गल्ले में रखे लगभग 60 से 70 हजार रुपये गायब पाए गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और इलाके में लगे CCTV कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही दोनों मामलों का खुलासा कर लिया जाएगा।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

परीक्षा रद्द होते ही झारखंड में बड़ा प्रशासनिक संकट!, खाली हो गईं सैकड़ों कुर्सियां, ठप्प पड़ा सरकारी काम

'सुप्रीम कोर्ट से जीते, पर सिस्टम से हार रहे युवा!', JAP-1 ग्राउंड में दिनभर भटके झारखंड कांस्टेबल भर्ती के 888 अभ्यर्थी







