धनबाद में रेलवे कर्मी के बंद घर से 20 लाख के जेवर व नकदी पार, पूजा के लिए बिहार गया था परिवार
धनबाद के यमुना विहार कॉलोनी में रेलवे कर्मी के बंद घर से करीब 20 लाख के सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार नकदी चोरी हो गई। पुलिस CCTV फुटेज से चोरों की तलाश में जुटी है।

Dhanbad : धनबाद जिले के धनसार थाना क्षेत्र अंतर्गत यमुना विहार कॉलोनी में चोरों ने एक बंद आवास को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने रेलवे कर्मचारी के घर से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के कीमती आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चुरा लिए। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पूजा के लिए बिहार गया था परिवार, महिला को दी थी देखरेख की जिम्मेदारी
यह घटना रेलवे कर्मचारी सुधीर कुमार प्रसाद के आवास में हुई। सुधीर प्रसाद सपरिवार सप्तमी पूजा में शामिल होने के लिए बिहार के गोपालगंज स्थित अपने पैतृक गांव गए हुए थे। जाने से पहले उन्होंने घर की देखरेख की जिम्मेदारी एक स्थानीय महिला को सौंपी थी। हालांकि, उक्त महिला बीती रात आवास में नहीं रुकी थी, जिसका फायदा उठाते हुए शातिर चोरों ने सूने घर को अपना निशाना बना लिया।
ताले टूटे देख उड़े होश, बिखरा मिला कमरे का सामान
अगली सुबह जब देखरेख करने वाली महिला आवास पर पहुंची, तो उसने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। उसने तुरंत फोन पर गृहस्वामी सुधीर कुमार प्रसाद को घटना की सूचना दी। इसके बाद सुधीर प्रसाद ने धनबाद में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को तुरंत आवास पर भेजा। जब रिश्तेदार दोपहर में पहुंचे, तो पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा पड़ा था तथा अलमारी में रखे सारे सोने-चांदी के आभूषण व नकदी गायब थे।
भाई की शादी के लिए खरीदे गए जेवरात व कीमती कपड़े भी चोरी
परिजनों के अनुसार, चोरों ने मुख्य दरवाजे पर लगे तीन मजबूत तालों समेत घर के अंदर के कई कमरों और अलमारियों के ताले तोड़े। परिजनों ने बताया कि छोटे भाई की आगामी शादी के लिए गहने, नए बर्तन और कीमती कपड़े खरीदकर रखे गए थे, जिसे चोर पूरी तरह समेट कर ले गए। घटना की जानकारी तुरंत धनसार थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान व धरपकड़ की कार्रवाई में जुट गई है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

खूंटी में 205 किलो गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से...

JPSC मामले में CID ने UP में TDPL का दफ्तर किया सील, 10-10 लाख में बिका था PT!







