IPS की पत्नी का बड़ा खुलासा! ‘तलाक का दबाव, बेटी से भी मिलने नहीं देते’
खगड़िया SP और IPS अधिकारी भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा ने प्रभात खबर से एक्सक्लूसिव बातचीत में पति पर मानसिक प्रताड़ना, बेटी से दूर रखने और तलाक के लिए दबाव बनाने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं।


पटना: खगड़िया SP और IPS अधिकारी भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा ने अपने पति के साथ रिश्ते और छह साल की बेटी से दूरी को लेकर अपनी परेशानी सामने रखी है। प्रभात खबर से एक्सक्लूसिव बातचीत में पूजा ने दावा किया कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद से गुजर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को उनसे दूर रखा जा रहा है और उन पर तलाक लेने का दबाव बनाया जा रहा है।
पूजा ने बताया कि मानसिक तनाव के बीच करीब छह दिन पहले उन्होंने फिनाइल पी लिया था। इसके बाद तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पटना के IGIMS में भर्ती कराया गया। बातचीत में उन्होंने IPS मेस में खुद को कमरे में बंद किए जाने, बेटी से नहीं मिलने देने और पति के कथित व्यवहार को लेकर कई गंभीर दावे किए।
‘मैंने पॉइजन खाया, मैं परेशान हूं, मुझे मेरी बेटी से मिलवा दीजिए’
प्रभात खबर के रिपोर्टर रोहित वर्मा से बातचीत में पूजा ने कहा कि वह मानसिक रूप से काफी परेशान थीं। इसी दौरान उन्होंने जहर खा लिया। उन्होंने कहा कि वह अपनी बेटी से मिलना चाहती हैं और अपना परिवार टूटता नहीं देखना चाहतीं। पूजा के मुताबिक, उनकी छह साल की बेटी को भानु प्रताप सिंह अपने साथ लेकर चले गए। इसके बाद वह पटना से खगड़िया स्थित SP आवास पहुंचीं, लेकिन उनका दावा है कि वहां भी उन्हें बेटी से मिलने नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पीछे उनकी बेटी को खगड़िया लाया गया, लेकिन उन्हें बच्ची से मिलने का मौका नहीं मिला।
पूजा ने दावा किया कि उनकी बेटी के साथ करीब एक साल से रीना नाम की महिला सिपाही रह रही थीं। उनके मुताबिक, रीना ने उन्हें फोन कर बताया था कि भानु बच्ची को अपने साथ लेकर चले गए हैं। पूजा का कहना है कि उन्होंने अपने पति से कहा था कि वह भी उनके साथ चलेंगी, लेकिन उन्हें साथ नहीं ले जाया गया।
‘तुम डाइवोर्स दे दो, जितने पैसे चाहिए ले लो’
पूजा ने पति पर मानसिक प्रताड़ना के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि भानु प्रताप सिंह कथित तौर पर उनसे कहते थे कि उनका मन करता है उन्हें आकर पीट दें। पूजा ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें छत से कूदने और जहर खाने जैसी बातें कही जाती थीं।
पूजा के मुताबिक, लगातार तनाव के कारण वह डिप्रेशन में चली गई थीं और करीब छह दिन पहले उन्होंने फिनाइल पी लिया। इसके बाद उन्हें IGIMS में भर्ती कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में इलाज के दौरान कर्मचारियों से कहा गया था कि उन्हें अभी डिस्चार्ज न किया जाए।
तलाक को लेकर पूछे गए सवाल पर पूजा ने कहा कि उन पर तलाक के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उनका दावा है कि पति उनसे कहते थे, ‘तुम डाइवोर्स दे दो, जितने पैसे चाहिए तुम ले लो।’ पूजा ने कहा कि उन्होंने पति से यहां तक कहा कि वह नमक-रोटी खाकर भी रह लेंगी, लेकिन अपना परिवार टूटता नहीं देखना चाहतीं।
उन्होंने बताया कि दोनों ने लव मैरिज की थी। पूजा के मुताबिक, शादी के करीब चार साल बाद भानु प्रताप सिंह IPS बने और उनके संघर्ष के दिनों में उन्होंने भी उनका साथ दिया। अब उनका सवाल है कि जब दोनों ने साथ मिलकर जीवन शुरू किया था तो आज उन्हें परिवार से अलग क्यों किया जा रहा है।
IPS मेस और बेटी से दूरी को लेकर भी लगाए आरोप
पूजा ने पटना स्थित IPS मेस को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि उन्हें एक कमरे में बाहर से लॉक कर दिया गया था और बाहर महिला सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई थी। पूजा का आरोप है कि उन्हें मीडिया से बातचीत करने से रोकने के लिए ऐसा किया गया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि भानु प्रताप सिंह करीब आठ महीने तक सरकारी आवास छोड़कर IPS मेस में रहे। उनके मुताबिक, इसी दौरान पति-पत्नी के रिश्ते में दूरी बढ़ती गई।
पूजा ने बेटी की पढ़ाई को लेकर भी दावा किया कि बच्ची के स्कूल से ट्रांसफर सर्टिफिकेट यानी TC ले लिया गया, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि बेटी से दूर किया जाना उनके लिए इस पूरे विवाद का सबसे बड़ा दर्द है।
पति के साथ रिश्ते को लेकर पूजा बातचीत के दौरान भावुक भी नजर आईं। उन्होंने कहा कि उनके लिए उनके पति ही दोस्त, भगवान और पिता जैसे हैं। उनका कहना है कि तमाम विवादों के बावजूद वह अपने पति से रिश्ता खत्म नहीं करना चाहतीं।
‘मुझे मेरे पति और बच्ची मिल जाएं, बस यही चाहिए’
पूजा ने यह भी दावा किया कि उन्होंने अपनी परेशानी को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन IG और DIG स्तर के अधिकारियों ने उनका फोन नहीं उठाया। उन्होंने भानु प्रताप सिंह के पिता और जीजा पर भी इस पूरे मामले में भूमिका होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
जब उनसे पूछा गया कि वह आगे क्या करना चाहती हैं, तो पूजा का जवाब था कि उन्हें अपने पति और बेटी दोनों चाहिए। उन्होंने कहा कि वह कोई विवाद नहीं चाहतीं और सिर्फ अपना परिवार दोबारा साथ देखना चाहती हैं।
इस पूरे मामले में पूजा ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। ये सभी दावे पूजा द्वारा दिए गए इंटरव्यू पर आधारित हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में IPS भानु प्रताप सिंह और दूसरे संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है। उनका जवाब मिलने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।
भानु प्रताप सिंह बिहार कैडर के IPS अधिकारी हैं और वर्तमान में खगड़िया के SP हैं। इससे पहले मुजफ्फरपुर टाउन ASP और दानापुर ASP समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। पुलिस सेवा के दौरान कई मामलों में सख्त कार्रवाई को लेकर वह चर्चा में रहे हैं।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बैंक खाते से कट रहे थे पैसे...पिता बैंक चेक करने गए और मोबाइल गेम खेलने वाले बेटे की हो गई संदिग्ध मौत!

बार बालाओं के डांस पर पैसे उड़ाते दिखे दो ASI, वीडियो वायरल हुआ तो...







