अवसर तलाशने के बजाय अवसर पैदा करें युवा!, रांची यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में बोले राज्यपाल संतोष गंगवार
रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षांत समारोह बुधवार को मोरहाबादी स्थित दीक्षांत मंडप में गरिमामय माहौल में आयोजित हुआ।
Ranchi: रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षांत समारोह बुधवार को मोरहाबादी स्थित दीक्षांत मंडप में गरिमामय माहौल में आयोजित हुआ। समारोह में 71 होनहार छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल और 6,923 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की डिग्रियां प्रदान की गईं। कुलाधिपति सह राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ और कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने विद्यार्थियों को पदक और उपाधियां देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (NIEPA) की कुलपति डॉ. शशिकला वंजारी और आईआईएम कोलकाता के निदेशक प्रो. आलोक राय को मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।
ज्ञान का उपयोग देश और समाज हित में करें: कुलाधिपति
समारोह को संबोधित करते हुए कुलाधिपति संतोष गंगवार ने कहा कि दीक्षांत का अर्थ पढ़ाई का अंत नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय से अर्जित ज्ञान का उपयोग देश और समाज के विकास में करने की नई जिम्मेदारी की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से अवसर तलाशने के बजाय खुद अवसर पैदा करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि रांची विश्वविद्यालय 'विकसित भारत-2047' के राष्ट्रीय लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान देगा। वहीं कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने विश्वविद्यालय की 66 वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि तीन कॉलेजों को 'कॉलेज विद पोटेंशियल फॉर एक्सीलेंस' (CPE) का दर्जा मिला है और एनईपी-2020 के तहत एमएससी डाटा साइंस व स्टैटिस्टिक्स जैसे कई नए कोर्स शुरू किए गए हैं।
38 करोड़ की स्टेट लाइब्रेरी यूनिवर्सिटी को सौंपने का आग्रह
कार्यक्रम में शामिल केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने युवाओं को भविष्य का राष्ट्र निर्माता बताते हुए कुलाधिपति से एक बड़ा आग्रह किया। उन्होंने करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित स्टेट लाइब्रेरी का संचालन रांची विश्वविद्यालय को सौंपने की मांग रखी। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि विश्वविद्यालय के दीक्षांत मंडप का आधुनिकीकरण किया जाएगा, ताकि छात्रों को और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। समारोह में विश्वविद्यालय के प्रथम पीएचडी धारक प्रो. नवल किशोर अंबष्ठ भी मौजूद रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुति 'मैं हूं रांची विश्वविद्यालय' ने मोहा मन
समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत और कुलगीत से हुआ, जिसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। अंत में परफॉर्मिंग एंड फाइन आर्ट्स विभाग के विद्यार्थियों ने 'मैं हूं रांची विश्वविद्यालय' शीर्षक से शानदार नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस भव्य आयोजन का सीधा प्रसारण विश्वविद्यालय के कम्युनिटी रेडियो 'खांची' के यूट्यूब चैनल पर भी किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के तमाम अधिकारी, विभागाध्यक्ष, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






