मोतिहारी में दरोगाओं पर फल विक्रेता की पिटाई का आरोप, CCTV वीडियो वायरल
500 रुपये के आम का पूरा भुगतान मांगने पर विवाद की चर्चा, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस महकमे में हलचल

Motihari, Bihar: पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) में पुलिस की कार्यशैली को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि हरसिद्धि थाना क्षेत्र में एक फल विक्रेता और उसके नाबालिग बेटे के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट की गई. हालांकि, वायरल वीडियो और उससे जुड़े आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के अनुसार, एक दरोगा ने फल विक्रेता से करीब 500 रुपये के आम खरीदे थे, लेकिन कथित तौर पर केवल 300 रुपये का भुगतान किया. आरोप है कि शेष राशि मांगने पर पहले दुकानदार और उसके बेटे के साथ कहासुनी हुई. इसके बाद शाम में दोबारा पुलिसकर्मी दुकान पर पहुंचे और विवाद बढ़ गया.
वायरल दावों के मुताबिक, रात में कुछ पुलिसकर्मी फिर मौके पर पहुंचे और फल विक्रेता तथा उसके नाबालिग बेटे के साथ मारपीट की. आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी सोशल media पर साझा किए जा रहे हैं, जिनमें कुछ पुलिसकर्मी एक व्यक्ति को खींचते और धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, इन वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हरसिद्धि थाना के दो दरोगाओं के नाम भी लिए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने पूरे प्रकरण का संज्ञान लिया है. एसपी ने अरेराज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) को मामले की जांच का निर्देश दिया है. एसपी का कहना है कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









