IND vs NZ: 6 साल बाद ब्लैककैप्स से भिड़ेगी टीम इंडिया, शेड्यूल हुआ जारी
भारतीय टीम साल 2020 के बाद न्यूजीलैंड का दौरा करने जा रही है | आज ही अक्टूबर से लेकर दिसंबर 2026 तक 5 टी-20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच का शेड्यूल जारी किया गया है |


टीम इंडिया अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच न्यूजीलैंड के दौरे पर जाएगी, जहां दोनों टीमों के बीच आज तक के इतिहास में दिनों के लिहाज से सबसे बड़ी सीरीज खेली जाएगी। यह सीरीज न्यूजीलैंड क्रिकेट के 2026-27 घरेलू सत्र का अहम हिस्सा होगी। दौरे के दौरान भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच शामिल हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, मैचों की संख्या के लिहाज से यह देश के क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा घरेलू दौरा होगा। न्यूजीलैंड के पांच मुख्य शहर - क्राइस्टचर्च, वेलिंगटन, ऑकलैंड, हैमिल्टन और टॉरंगा में सारे मैच आयोजित किए जाएंगे |
सफेद गेंद की सीरीज की शुरुआत 22 अक्टूबर से होगी, जबकि इसके बाद दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। पहला टेस्ट वेलिंगटन में और दूसरा टेस्ट क्राइस्टचर्च में आयोजित होगा।
भारत ने आखिरी बार 2019-20 में टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिए न्यूजीलैंड का दौरा किया था। हालांकि इसके बाद न्यूजीलैंड दो बार भारत का दौरा कर चुका है। खासतौर पर 2024-25 के दौरे में न्यूजीलैंड ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए भारत को टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराया था। उस सीरीज में भारत के प्रदर्शन पर कई सवाल उठे थे | इस दृष्टिकोण से यह सीरीज कई मायनों में काफी अहम होगी |
वनडे सीरीज के दौरान न्यूजीलैंड के प्रशंसकों को भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा को खेलते देखने का मौका मिल सकता है। दोनों खिलाड़ियों ने अभी तक वनडे क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है। अगले वर्ष होने वाले वनडे विश्व कप को देखते हुए यह पांच मैचों की वनडे सीरीज दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण तैयारी साबित हो सकती है ।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









