मध्य प्रदेश में बुजुर्ग दंपति को नकाबपोश बदमाशों ने बंधक बनकर पीटा, घर से नकदी और जेवर लेकर भागे
MP के गुना जिले में नकाबपोश बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की. इतना ही नहीं बदमाशों ने उनके घर से नकदी और जेवर की लूट की. जिसके बाद मौके से वे फरार हो गए.

Guna (Madhya Pradesh): मध्यप्रदेश के गुना जिले हथियार के बल पर नकाबपोश बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की. इतना ही नहीं बदमाशों ने उनके घर से नकदी और जेवर की लूट की. जिसके बाद मौके से वे फरार हो गए. बता दें, यह पूरा मामला जिले के मृगवास थाना क्षेत्र अंतर्गत बकान्या गांव का हैं जहां बीती देर रात बकान्या गांव पहुचंकर अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया. इधर, इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अधीक्षक हितिका वासल पहुंची और उन्होंने स्वयं पीड़ित से मुलाकात करते हुए मामले में स्थिति का जायजा लिया.
जमीन बिक्री के पैसों के लिए दी प्रताड़ना
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पीड़ित वैंकट दास बैरागी ने बताया कि वे अपनी पत्नी मांगी बाई के साथ घर में सो रहे थे तभी करीब 1:30 बजे अज्ञात बदमाश उनके घर के भीतर दाखिल हुए. बदमाशों ने दंपति को बंधक बनाकर उनके हाथ-पैर बांध दिए. चौंकाने वाली बात तो यह है कि कि लुटेरों को पहले से जानकारी थी कि बैरागी परिवार ने हाल ही में अपनी कृषि भूमि का एक प्लॉट करीब 6 लाख रुपये में बेचा है. बदमाश बार-बार उन्हीं रुपयों के बारे में पूछताछ करते हुए दंपति को पीटते रहे. महिला मांगी बाई के चेहरे पर घूसे मारे गए, जिससे उनके मुंह पर गंभीर सूजन आ गई है.
मोबाइल में बैंक मैसेज खंगालते रहे लुटेरे
जब दंपति ने बड़ी रकम घर में होने से इनकार किया, तो बदमाशों ने उनके मोबाइल फोन छीन लिए और बैंक के मैसेज चेक करने लगे ताकि रुपयों की सच्चाई जान सकें. अंतत: बदमाश घर में रखी एक लाख रुपये की नगदी और सोने-चांदी के गहने बटोर ले गए. जाते समय वे बाहर खड़ी कार की चाबी भी अपने साथ ले गए और बाहर से उन्हें ताला लगाकर वे फरार हो गए. किसी तरह बंधन मुक्त होने के बाद दंपति ने छत पर जाकर शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे.
दो डीएसपी के नेतृत्व में टीमें गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हितिका वासल ने क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया और बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए दो डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया है. पुलिस को अंदेशा है कि इस वारदात के पीछे किसी जानकार का हाथ हो सकता है, जिसे जमीन के सौदे की पूरी खबर थी. फिलहाल पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का दावा किया है.
रिपोर्ट- अशोक सोनी
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गया में बालू लोडेड ट्रैक्टर को जब्त करने पहुंची पुलिस पर पथराव, 2 को पुलिस ने दबोचा

गिरिडीह में जमानत पर जेल से बाहर निकले व्यक्ति ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, बेटी की हत्या का था आरोप







