Giridih News: निकाय चुनाव को लेकर गिरिडीह में बीजेपी कार्यकर्ताओं में संशय सी स्थिति बनी हुई है. एक तरफ जहां मेयर उम्मीदवार डॉ शैलेंद्र चौधरी का बीजेपी ने अपना समर्थन दिया है तो वहीं दूसरी तरफ पार्टी ने बड़की सरिया फागू पंडित की पत्नी शोभा देवी को भी अपना समर्थन दिया है. दरअसल, आपको बता दें, बीते दिन सोमवार (16 फरवरी 2026) को केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और बगोदर विधायक नागेंद्र महतो ने फागू पंडित की पत्नी शोभा देवी के समर्थन में बैठक की. लेकिन इस बीच धनवार नगर पंचायत में किसी भी बीजेपी नेता ने शोभा देवी के समर्थन में न तो बैठक की और न ही अबतक कोई प्रचार. 
जानकारी के अनुसार, धनवार नगर पंचायत में बीजेपी के किसी भी नेता ने शोभा देवी का समर्थन नहीं किया है. जबकि धनवार नगर पंचायत से भाजपा नेता सुनील अग्रवाल की पत्नी मंजू देवी, भाजपा नेता रोबिन साहू और पवन साहू भी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनावी दंगल में उतरे हैं. धनवार नगर पंचायत को लेकर बीजेपी ने किसी भी एक उम्मीदवार को समर्थन देने पर पहले ही हाथ खड़ा कर दिया है. इन सबके बीच बीजेपी कार्यकर्ता भ्रम में है कि वो मंजू देवी को समर्थन करें, या रोबिन साहू या पवन साहू के समर्थन में प्रचार करें. धनवार नगर पंचायत में फिलहाल जितने भी भाजपा नेता और उनकी पत्नियां चुनावी मैदान में है. वो फिलहाल भगवान भरोसे चुनाव लड़ रही है. ऐसे में धनवार नगर पंचायत में माले नेता विनय सोथांलिया का पलड़ा सिर्फ इसलिए भारी दिख रहा है क्योंकि माले के कार्यकर्ता पूरे जोर-शोर से विनय के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे है.
इधर गिरिडीह नगर निगम का हालात भी वहीं दिख रही है. भाजपा ने डॉक्टर शैलेन्द्र चौधरी को मेयर उम्मीदवार के रूप में समर्थन तो दे दिया हैं. लेकिन समर्थन देने के बाद से भाजपा की अंदरूनी कलह भी अब खुलकर सामने आ गया है. डॉक्टर शैलेन्द्र को समर्थन देने के बाद तीन नेता बागी हुए, और उन्होंने अपने बल-बूते चुनाव लड़ने का निर्णय लिया. इसमें एक नेता नागेश्वर दास ने दबाव के बाद चुनावी दंगल से दूरी बनाई और इस्तीफा दिया. जबकि कामेश्वर पासवान और प्रकाश दास अब भी चुनावी मैदान में है.
फिलहाल भाजपा के दोनों बागी नेता डॉक्टर शैलेन्द्र समेत गिरिडीह भाजपा टीम पर जमकर हमला करते नजर आ रहे है. मेयर उम्मीदवार डॉक्टर शैलेन्द्र का विरोध सिर्फ दोनों बागी नेताओं तक सीमित नहीं है. बल्कि, अब भाजपा में बैठकों में दरी बिछाने वाले कार्यकर्ता भी गिरिडीह भाजपा और उम्मीदवार डॉक्टर शैलेन्द्र पर जमकर हमला किए हुए है. हालात तो ऐसे है कि जिला कमेटी पर डॉक्टर शैलेन्द्र चौधरी को हाईजैक करने तक का आरोप लगा दिया है.
अंदरूनी कलह के कारण ही केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और पूर्व मंत्री चन्द्रमोहन और पूर्व विधायक निर्भय शाहबादीं समेत कई बड़े दिग्गज नेताओं ने डॉक्टर शैलेन्द्र के चुनाव प्रचार से दूरी बना ली है. लिहाजा, डॉक्टर शैलेन्द्र के चुनाव प्रचार में दरी बिछाने वाले कार्यकर्ता तो दूर तक नहीं दिख रहे है. हां बड़े नेताओं के सामने चेहरा चमकाने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं चुनाव प्रचार में ज़रूर लगे हुए है.
रिपोर्ट- मनोज कुमार पिंटू









