'तुम्हारी वजह से बीमार हैं… ठीक करो', दुमका में 80 साल की बुजुर्ग को लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला
दुमका जिले के तालझारी थाना इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।
Dumka: दुमका जिले के तालझारी थाना इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नेवाणी पाथर गांव में अंधविश्वास के फेर में पड़कर 80 साल की एक बेबस बुजुर्ग महिला को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला गया। उस पर आरोप लगाया गया था कि वह डायन-बिसाही करती है। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी और दहशत का माहौल है।
'तुम्हारी वजह से सब बीमार हैं, इसे ठीक करो'
मिली जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग महिला के अपने ही गोतिया (कुटुंब) के करीब 7 से 8 लोग इस खूनी खेल में शामिल थे। दरअसल, गोतिया परिवार के कुछ सदस्य पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। डॉक्टर से इलाज कराने के बजाय उन लोगों ने इसका पूरा जिम्मेदार बुजुर्ग महिला को ठहरा दिया। उनका कहना था कि महिला ने तंत्र-मंत्र और डायन-बिसाही कर रखी है। परिजनों ने बताया कि आरोपी लगातार बुजुर्ग पर तंत्र-मंत्र के जरिए बीमारी ठीक करने का दबाव बना रहे थे।
लाठी-डंडों से बोला हमला, मौके पर ही थमीं सांसें
इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने आपा खो दिया। उन्होंने लाठी-डंडों से 80 साल की बुजुर्ग महिला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला हमला बर्दाश्त नहीं कर सकी और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, 6 आरोपी महिलाएं दबोची गईं
घटना की खबर मिलते ही तालझारी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल 6 आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब बाकी आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच में जुटी हुई है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं!, रांची में Physics Wallah विद्यापीठ पर नगर निगम ने जड़ा ताला

भाड़ा पूरा लिया, फिर भी नहीं दी सीट!, कोडरमा में बस कंडक्टर के दुर्व्यवहार से आहत महिला ने दर्ज कराई शिकायत







