देखते ही देखते पाताल में समा गए मकान!, कतरास में भू-धंसान से मची चीख-पुकार ; कई लोग घायल
धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में खदान ब्लास्टिंग के बाद भीषण भू-धंसान से एक दर्जन से अधिक मकान जमींदोज हो गए। हादसे में कई लोग घायल हुए, जबकि स्थानीय लोगों ने मलबे से लोगों को सुरक्षित निकाला। घटना के बाद ग्रामीणों ने BCCL और जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

Dhanbad: झारखंड में धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद इलाके में शुक्रवार को भू-धंसान (Land Subsidence) की एक भयावह घटना ने हड़कंप मचा दिया है। खदान में हुई ब्लास्टिंग के तुरंत बाद जमीन फटने लगी और देखते ही देखते एक दर्जन से अधिक मकान मलबे में तब्दील होकर जमींदोज हो गए। इस खौफनाक हादसे में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
ब्लास्टिंग के बाद आया तेज कंपन और फटने लगी जमीन
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि खदान में जैसे ही ब्लास्टिंग हुई, उसके कुछ ही देर बाद पूरे इलाके में बेहद तेज कंपन महसूस किया गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, अचानक जमीन में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ने लगीं। देखते ही देखते एक बड़ा इलाका धंसने लगा, जिसकी चपेट में आकर एक दो मंजिला मकान सहित दर्जन भर घर पूरी तरह जमीन में समा गए। घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
मलबे में फंसे लोग, स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
अचानक हुए इस भू-धंसान के कारण कई घरों में मौजूद लोग अंदर ही फंस गए थे। ऐसे में स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए अपनी जान जोखिम में डाली और मलबे तथा धंसे हुए मकानों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दर्दनाक हादसे में करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की खबर है, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
BCCL और प्रशासन पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
इस भयावह घटना के बाद अपना आशियाना खो चुके और दहशत में जी रहे स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। ग्रामीणों ने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) और धनबाद जिला प्रशासन पर घोर लापरवाही का सीधा आरोप लगाया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









