बिहारशरीफ-राजगीर फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा: मलमास मेले से ड्यूटी खत्म कर लौट रहे पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल
राजगीर में लगे मलमास मेले से ड्यूटी खत्म कर लौट रही पुलिस की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई. दीपनगर थाने के सब-इंस्पेक्टर इस सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

Nalanda, Bihar: जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहारशरीफ-राजगीर फोरलेन पर गुरुवार को एक सड़क हादसे में दीपनगर थाने के दो सब-इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों पुलिस अधिकारी राजगीर मलमास मेला की ड्यूटी पूरी कर वापस थाना लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.
घायल पुलिसकर्मियों की पहचान दीपनगर थाने में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार और रणधीर कुमार के रूप में हुई है. दोनों को इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है.
अस्पताल में इलाजरत सब-इंस्पेक्टर रणधीर कुमार ने बताया कि वे अपने सहकर्मी रविंद्र कुमार के साथ बाइक से राजगीर से दीपनगर लौट रहे थे. इसी दौरान दीपनगर बाजार के समीप अचानक सामने आई एक अन्य मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे जा गिरी.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस बल की मदद से दोनों घायलों को तत्काल बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों के अनुसार सब-इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि रणधीर कुमार का भी इलाज जारी है.
दीपनगर थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में उनके दो सहकर्मी घायल हुए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई. कई पुलिस पदाधिकारी और जवान अस्पताल पहुंचकर दोनों अधिकारियों का हालचाल ले रहे हैं तथा बेहतर इलाज सुनिश्चित कराया जा रहा है.
(नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नालंदा: शराब तस्करों पर पुलिस का बड़ा वार, 80 लीटर देसी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

घर को बना रखा था शराब का गोदाम ! ALTF की ताबड़तोड़ छापेमारी में खुला राज, किंगफिशर बियर समेत शराब की बड़ी खेप जब्त







