प्यार, वादे और धोखे की कहानी: प्रेमी की शादी की खबर सुन धनबाद से सीवान पहुंची प्रेमिका, थाने में लगाई न्याय की गुहार
अमित ने युवती से शादी का वादा किया था. करीब दो वर्ष पहले अमित छपरा में जाकर रहने लगा, लेकिन इसके बावजूद वह महीने में दो बार धनबाद आकर उससे मिलता था. युवती का कहना है कि जब भी वह शादी की बात करती, वह बात टाल दिया करता. फिर अचानक..

Siwan, Bihar: सिवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से प्रेम प्रसंग, भरोसे और कथित धोखे का एक मामला सामने आया है. यहां धनबाद की रहने वाली लीना जायसवाल अपने प्रेमी की शादी की खबर सुनते ही सीवान पहुंच गई. युवती का आरोप है कि चार साल तक शादी का वादा करने वाले युवक ने चुपके से किसी दूसरी लड़की से शादी रचा ली.
चार वर्षों से था लव-अफेयर
मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जियां गांव निवासी अमित कुमार यादव से जुड़ा है. धनबाद निवासी लीना जायसवाल ने आरोप लगाया है कि पिछले चार वर्षों से दोनों के बीच प्रेम संबंध था. दोनों हजारीबाग स्थित एक ब्लड बैंक में साथ काम करते थे, जहां से दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम प्रसंग शुरू हुआ.
दोनों में था पति-पत्नी जैसा संबंध
लीना का कहना है कि अमित ने उससे शादी का वादा किया था. करीब दो वर्ष पहले अमित छपरा में जाकर रहने लगा, लेकिन इसके बावजूद वह महीने में दो बार धनबाद आकर उससे मिलता था. लीना के मुताबिक दोनों केदारनाथ, बनारस और गंगटोक समेत कई जगहों पर साथ घूमने भी गए थे. युवती ने दावा किया कि दोनों के बीच पति-पत्नी जैसा संबंध भी था.
शादी की बात करते ही देता था झूठा दिलासा
युवती का आरोप है कि जब भी वह शादी की बात करती, अमित यह कहकर उसे आश्वस्त करता था कि वह अपने परिवार वालों को मनाने की कोशिश कर रहा है. लीना का यह भी कहना है कि वह कई बार अमित के परिजनों से भी मिल चुकी है.
किसी और से मिली प्रेमी की शादी की खबर
आरोप के अनुसार, 23 और 24 अप्रैल को भी अमित धनबाद आकर उससे मिला था, लेकिन उसने अपनी शादी की कोई जानकारी नहीं दी. बाद में लीना को पता चला कि अमित ने सिवान में किसी दूसरी युवती से शादी कर ली है.
युवक के पिता पर भी लगाया आरोप
प्रेमी की शादी की जानकारी मिलने के बाद लीना जायसवाल सिवान पहुंची और जिया गांव जाकर अमित से मिलने की कोशिश की. युवती का आरोप है कि वह घर जाना चाहती थी, लेकिन अमित के पिता ने गाली-गलौज कर उसे गांव से भगा दिया.
प्रेमी के खिलाफ थाने में आवेदन, सख्त कार्रवाई की मांग
इसके बाद लीना मुफस्सिल थाना पहुंची और अमित कुमार यादव के खिलाफ आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. हालांकि, मामले में युवक पक्ष की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
(सिवान से राहुल की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









