गुमला पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी!, ओडिशा के 'कोरई गैंग' का पर्दाफाश, करोड़ों के सोना लूटकांड में 11 अपराधी गिरफ्तार
ऑपरेशन की जानकारी देते हुए गुमला के पुलिस अधीक्षक (SP) हारीश बिन जमा ने बताया कि पुलिस को गिरोह की गतिविधियों को लेकर एक गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पालकोट के बिल्डिंगबीरा इलाके में छापेमारी की

Gumla: झारखंड की गुमला पुलिस को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने ओडिशा से संचालित होने वाले एक कुख्यात अंतरराज्यीय गिरोह (कोरई गैंग) का भंडाफोड़ करते हुए इसके 11 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इसी गिरोह ने गुमला जिले के पालकोट और घाघरा थाना क्षेत्रों में सोना व्यापारियों से हुई करोड़ों रुपये की लूट की दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया था।
कई राज्यों में फैला है अपराधियों का नेटवर्क
गुमला पुलिस के अनुसार, 'कोरई गैंग' का आपराधिक नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है। गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्त पेशेवर अपराधी हैं, जिनके द्वारा अब तक कई राज्यों में चोरी, छिनतई और डकैती की अनेक गंभीर घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। इन 11 अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने कई बड़े अनसुलझे मामलों को सुलझाने का दावा किया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी देते हुए गुमला के पुलिस अधीक्षक (SP) हारीश बिन जमा ने बताया कि पुलिस को गिरोह की गतिविधियों को लेकर एक गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पालकोट के बिल्डिंगबीरा इलाके में छापेमारी की। पुलिस ने शुरुआत में 7 संदिग्धों को धर दबोचा। जब इन सातों से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उनकी निशानदेही पर गिरोह के 4 अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
सोना-चांदी, कैश और हथियारों का जखीरा बरामद
गिरफ्तार किए गए इन सभी अपराधियों के पास से पुलिस ने लूटे गए माल का एक बड़ा हिस्सा भी बरामद कर लिया है। एसपी ने बताया कि इनके पास से करीब 70 ग्राम सोना, लगभग डेढ़ किलो (1.5 kg) चांदी और 1 लाख 70 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा, पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्तौल, दो देसी कट्टे, कई मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान भी जब्त किए हैं।
फरार सदस्यों की तलाश जारी
SP हारीश बिन जमा ने बताया कि मुख्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन इस गिरोह के कुछ अन्य छोटे सदस्य अभी भी फरार हैं। फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें इलाके में लगातार सघन छापेमारी अभियान चला रही हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सड़क पर अब नहीं बिछेंगी लाशें! 10वीं के छात्र का यह शानदार आविष्कार बड़े-बड़े इंजीनियरों को कर रहा हैरान

बोकारो : विश्व आदिवासी दिवस से पहले शिबू सोरेन का पोस्टर हटाने पर विवाद, SC-ST एक्ट के तहत FIR दर्ज







