तीसरी सोमवारी पर बैद्यनाथ धाम में आस्था का महासैलाब, 3 लाख कांवरियों ने किया जलार्पण, 7 KM लंबी लगी कतार
देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम में तीसरी सोमवारी पर तीन लाख से अधिक कांवरियों ने जलार्पण किया। भारी भीड़ के बीच कतार करीब 7 किलोमीटर तक पहुंची और प्रशासन अलर्ट रहा।

Deoghar: पवित्र श्रावणी मास की तीसरी सोमवारी पर द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था और भक्ति का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा। बंगला सावन की अंतिम सोमवारी के साथ नाग पंचमी और मां मनसा पूजा का दुर्लभ धार्मिक संयोग होने के कारण अहले सुबह से ही देश के कोने-कोने से लाखों शिवभक्तों का आगमन हुआ। अनुमान के मुताबिक, दिन भर में करीब तीन लाख से अधिक कांवरियों और श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ पर आस्था का पावन जल अर्पित किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते जलार्पण के लिए लगी कतार करीब सात किलोमीटर दूर चमारडीह तक जा पहुंची, जिससे पूरा देवघर 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा।
अलसुबह से देर रात तक रूटलाइन पर सक्रिय रहे डीसी और एसपी
कांवरियों की रिकॉर्ड तोड़ भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस बल सुबह से ही पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहे। उपायुक्त (DC) सौरभ कुमार भुवानियां ने अहले सुबह रूटलाइन और मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेटों), पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्रता व सेवा भाव से पेश आने तथा सुगम जलार्पण सुनिश्चित कराने का कड़ा निर्देश दिया। इससे पूर्व रविवार की देर रात भी उपायुक्त ने नंदन पहाड़, कालीबाड़ी, कुमुदिनी घोष रोड, बरमसिया, सरकार भवन, बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, जलसार मोड़ और शिवराम झा चौक सहित कई संवेदनशील इलाकों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखी थीं।
कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी, बाह्य अर्घा से भी हुआ जलार्पण
भीड़ प्रबंधन को पुख्ता बनाए रखने के लिए उपायुक्त ने बाबा मंदिर परिसर स्थित केंद्रीय कंट्रोल रूम पहुंचकर अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे रूटलाइन और मेला परिसर की लाइव मॉनिटरिंग की। उन्होंने सूचना केंद्रों, मातृत्व विश्राम गृहों, आपातकालीन स्वास्थ्य केंद्रों, पेयजल आपूर्ति और विद्युत व्यवस्था को 24 घंटे निर्बाध रखने के निर्देश दिए। अत्यधिक भीड़ और कतार के दबाव को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर में स्थापित बाह्य अर्घा के माध्यम से भी हजारों श्रद्धालुओं को आसानी से जलार्पण कराया गया।
पुलिस कप्तान ने बढ़ाया जवानों का हौसला, चाक-चौबंद रही व्यवस्था
इधर, पुलिस अधीक्षक (SP) प्रवीण पुष्कर भी दिनभर विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते नजर आए। उन्होंने अलग-अलग संवेदनशील प्वाइंट्स पर तैनात पुलिस बल के जवानों का हौसला बढ़ाया और आवश्यकतानुसार स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। इस महापर्व को शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में उप विकास आयुक्त (DDC) पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) रवि कुमार सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी, दंडाधिकारी और सुरक्षा बल के जवान लगातार मुस्तैद रहे, जिसके चलते लाखों शिवभक्तों ने सुगमता से बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

परीक्षा रद्द होते ही झारखंड में बड़ा प्रशासनिक संकट!, खाली हो गईं सैकड़ों कुर्सियां, ठप्प पड़ा सरकारी काम

'सुप्रीम कोर्ट से जीते, पर सिस्टम से हार रहे युवा!', JAP-1 ग्राउंड में दिनभर भटके झारखंड कांस्टेबल भर्ती के 888 अभ्यर्थी







