रांची में छात्रों का महाजुटान, हजारों अभ्यर्थियों के जुटने के अनुमान के बीच विधानसभा घेराव शुरू
विधानसभा घेराव को लेकर सुबह सात बजे से ही अभ्यर्थियों का एकजुट होना शुरू हो गया था। शहर के प्रमुख केंद्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लेकर पुराने विधानसभा चौक तक हजारों छात्रों का हुजूम जमा हो चुका है।

JPSC-JSSC Protest: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं (JPSC और JSSC) में कथित अनियमितता, धांधली और सुधार की मांग को लेकर आंदोलनरत छात्रों का आक्रोश आज चरम पर पहुंच गया है। पूर्व घोषित रणनीति के तहत आज (10 अगस्त) हजारों की संख्या में अभ्यर्थी राजधानी रांची में विधानसभा का घेराव करने पहुंचे हैं। आंदोलनकारियों का दावा है कि राज्य के सभी 24 जिलों से लगभग 50,000 अभ्यर्थी इस महाआंदोलन में हिस्सा लेने के लिए रांची पहुंच रहे हैं।
सुबह 7 बजे से ही सड़कों पर दिखा छात्रों का हुजूम
विधानसभा घेराव को लेकर सुबह सात बजे से ही अभ्यर्थियों का एकजुट होना शुरू हो गया था। शहर के प्रमुख केंद्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लेकर पुराने विधानसभा चौक तक हजारों छात्रों का हुजूम जमा हो चुका है। वहीं, लोकभवन के पास भी सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थी हाथों में तिरंगा झंडा और मांग पत्र की तख्तियां लेकर डटे हुए हैं। रांची रेलवे स्टेशन और कांटाटोली-खड़गपुर बस स्टैंड पर भी सुबह से ही दूर-दराज के जिलों से आने वाले छात्रों की भारी भीड़ देखी जा रही है।
छोटी-छोटी टोलियों में विधानसभा की ओर कूच
प्रशासन की संभावित सख्ती और रुकावटों से बचने के लिए अभ्यर्थी रणनीति के तहत छोटी-छोटी टोलियों में बंटकर अलग-अलग रास्तों से विधानसभा की ओर बढ़ रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्र लगातार नारेबाजी करते हुए पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, छावनी में बदला इलाका
हजारों की संख्या में छात्रों के जुटने और विधानसभा घेराव के मद्देनजर रांची पुलिस और स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर है। विधानसभा की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन की कोशिश है कि आंदोलन को शांतिपूर्ण रखा जाए और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

Video! : रांची में छात्र आंदोलन पर पुलिस का बड़ा एक्शन, उग्र छात्रों पर लाठीचार्ज, विधानसभा के सभी गेट सील!

'झुकेगा नहीं साला...', JPSC आंदोलन में पुष्पा का स्वैग, पुलिस को चकमा देकर पिछले रास्ते से विधानसभा की ओर बढ़े छात्र







