झारखंड क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी: शुरू होने जा रहा है JPL, उभरते खिलाड़ियों की प्रतिभा को मिलेगा बेहतरीन मंच
आईपीएल की तर्ज पर झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) ने पहली बार झारखंड प्रीमियर लीग शुरू करने की बड़ी पहल की है. आज जमशेदपुर में खिलाड़ियों की नीलामी पूरी कर ली गई. इस लीग में 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं.

Jharkhand Cricket: झारखंड में क्रिकेट प्रतिभाओं को नया मंच देने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है. आईपीएल की तर्ज पर पहली बार झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन यानी जेएससीए द्वारा झारखंड प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा है. इस लीग में राज्य के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा.
जमशेदपुर में आज खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया पूरी की गई. जिसमें छह फ्रेंचाइजी टीमों ने खिलाड़ियों का चयन किया, एक टीम में 18 खिलाड़ी शामिल किए जा रहे हैं, 241 खिलाड़ियों की नीलामी की जाएगी. झारखंड के क्रिकेट इतिहास में पहली बार आयोजित हो रही झारखंड प्रीमियर लीग को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

JSCA की इस महत्वाकांक्षी लीग में राज्य की कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें रांची टाइटन्स, जमशेदपुर स्टीलर्स, छोटानागपुर रॉयल्स, संथाल स्ट्राइकर्स, धनबाद डायमंड्स और कोयलांचल सुपर किंग्स शामिल हैं.
जमशेदपुर में आयोजित नीलामी प्रक्रिया के दौरान सभी टीमों ने अपने-अपने खिलाड़ियों का चयन किया. प्रत्येक टीम को खिलाड़ियों की खरीद के लिए 50 लाख रुपये का बजट दिया गया है. लीग में राज्य के कई प्रतिभावान खिलाड़ियों के साथ-साथ आइकॉन प्लेयर्स को भी शामिल किया गया है, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और अधिक बेहतर होगा.
जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ सहदेव ने बताया कि इस लीग का मुख्य उद्देश्य झारखंड के युवा क्रिकेटरों को एक बड़ा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें. उनका कहना है कि झारखंड प्रीमियर लीग राज्य में क्रिकेट के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी.
(जमशेदपुर से बिनोद केसरी की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गिरिडीह के थाना प्रभारी को शॉर्टकट लेना पड़ा भारी, नदी में फंसी पुलिस की जीप

चतरा में नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा, 6 लाख की अफीम के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, 1 फरार







