गिरिडीह के मनीष ओडिशा जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप के लिए हुए रवाना, डीसी ने दी शुभकामनाएं
गिरिडीह के मनीष यादव ओडिशा के कलिंगा स्टेडियम में होने वाले 40वें राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप में झारखंड की ओर से भाग लेने रवाना हुए. डीसी रामनिवास यादव ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. मनीष पूर्व में रजत व स्वर्ण पदक जीत चुके हैं और इस बार भी पदक की उम्मीद है.

गिरिडीह : झारखंड की ओर से ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में आयोजित होने वाले 40वें राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड निवासी मनीष यादव शुक्रवार को रवाना हुए. दो दिवसीय इस प्रतियोगिता का आयोजन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और ओडिशा एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से अंडर-20 वर्ग के लगभग 2100 एथलीट भाग ले रहे हैं.
मनीष यादव को रवाना करते हुए गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और जिले का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई. उन्होंने मनीष की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना गर्व की बात है.
बता दें कि मनीष यादव इससे पहले 400 मीटर दौड़ में रजत पदक और मिक्स रिले में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं. गिरिडीह ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड को उनसे उम्मीदें हैं कि ओडिशा में भी वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर पदक जीतक प्रदेश का नाम रोशन करेंगे.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









