गिरिडीह पुलिस को मिली नई ताकत!, अपराधियों की बढ़ेगी मुश्किल, सभी थानों को मिलीं 32 नई बोलेरो
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस के पास पर्याप्त संसाधन होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिले के कई इलाकों से अक्सर जमीन विवाद की शिकायतें आती रहती हैं।

Giridih: गिरिडीह जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए राज्य सरकार ने गिरिडीह पुलिस को बड़ी सौगात दी है। शुक्रवार को न्यू पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले को मिली 32 नई बोलेरो गाड़ियों को विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के बाद विभिन्न थानों के लिए रवाना किया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नारियल फोड़कर वाहनों का शुभारंभ किया और हरी झंडी दिखाकर उन्हें रवाना किया।
जिले के सभी थानों को मिली नई गाड़ियां
SP के निर्देश पर 32 नई बोलेरो गाड़ियों को जिले के विभिन्न थानों में उपलब्ध कराया गया है। इन वाहनों के शामिल होने से पुलिस की गश्ती व्यवस्था मजबूत होगी और किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहले से अधिक तेजी से मौके पर पहुंच सकेगी।
'संसाधन मजबूत होंगे तो अपराध पर लगेगा अंकुश'
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस के पास पर्याप्त संसाधन होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिले के कई इलाकों से अक्सर जमीन विवाद की शिकायतें आती रहती हैं। कई बार पुलिस के पहुंचने से पहले ही विवाद हिंसक रूप ले लेता था, लेकिन अब नई गाड़ियों के मिलने से पुलिस की प्रतिक्रिया और तेज होगी तथा ऐसी घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सकेगा।
नई गाड़ियों का होगा पूरा उपयो: SP
पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए इन नए वाहनों का पूरी क्षमता के साथ उपयोग किया जाएगा। इससे पुलिसिंग और अधिक प्रभावी होगी, गश्त बढ़ेगी और आम लोगों को भी त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी।
कई पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर सदर SDPO जितवाहन उरांव, DSP नीरज सिंह, DSP रूपेंद्र राणा, नगर थाना प्रभारी रतन सिंह, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित जिले के कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









