Giridih: आपसी अनबन में दोस्त ने चलाई दोस्त पर गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार
गिरिडीह में बीते दिनों एक युवक ने अपने ही दोस्त पर गोली चला दी. पुलिस द्वारा छानबीन के पश्चात आरोपी को गिरप्तार कर लिया गया है.

Jharkhand (Giridih): देर रात हुए गोलीकांड का खुलासा गिरिडीह के दो थानों की पुलिस करने में सफल रही. वहीं दूसरे दिन मंगलवार को जॉइंट प्रेसवार्ता के दौरान एसपी डॉक्टर विमल कुमार, एसडीपीओ जितवाहन, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर और गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह ने जानकारी दी. बताया कि मुफ्फसिल थाना इलाके के जामवाद के रौतगादी निवासी टिंकू मारिक को उसके दोस्त और पड़ोसी जागेश्वर मारिक ने ही गोली मारी थी.
प्रेसवार्ता के दौरान एसपी ने बताया कि टिंकू मारिक उर्फ चौहान को गांडेय थाना इलाके के झारघट्टा गांव में मेरु लाल हांसदा के घर के समीप गोली मारने वाले जागेश्वर मारिक ने ही बुलाया था. जागेश्वर के कहने पर टिंकू मारिक मेरु लाल हांसदा के घर के समीप पहुंचा. जहां पहले से शराब पीने पिलाने का दौर जारी था. बताया जाता है कि जब टिंकू मारिक वहां पहुंचा तो उसने भी शराब पीनी शुरू कर दी.
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पूर्व से ही दोनों पक्षों में अनबन चल रही थी. टिंकू को आरोपी द्वारा पहले भी गोली मारने की धमकी दी गई थी. शराब पिलाने के क्रम में एक गोली पहले ही चल चुका था. इसी दौरान टिंकू ने जागेश्वर मारिक को अपने पास रखे देशी पिस्तौल दिखाते हुए कहा कि उसके पास भी ये पिस्तौल है. इस दौरान जागेश्वर मारिक ने टिंकू से पिस्टल लेकर उस पर ही गोली चला दिया. जिसमें टिंकू के पेट में गोली लगी, और वो गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
हालांकि अभी अनबन की बात स्पष्ट रूप से सामने नहीं आ सकी है. एसपी ने बताया कि मामले में दो केस दर्ज किए गए हैं, जिनमें एक केस में टिंकू और जागेश्वर दोनों ही आरोपी हैं, जबकि टिंकू का पिस्तौल लेकर उसपर गोली चलाने के आरोप में जागेश्वर मारिक पर दूसरा केस दर्ज किया गया है. इसी केस के आधार पर गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया गया है.
रिपोर्ट: मनोज कुमार पिंटू
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गिरिडीह में धड़ल्ले से चल रहा बालू का अवैध कारोबार, हजारों टन बालू की रोज होती है बराकर नदी से निकासी

मोतिहारी जहरीली शराबकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, UP से जहर भेजने वाला सप्लायर अरेस्ट







