₹2.65 करोड़ की हाई-प्रोफाइल चोरी का गिरिडीह कनेक्शन! महाराष्ट्र उपसभापति के घर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहिर के मुंबई स्थित आवास में हुई ₹2.65 करोड़ की चोरी के मामले में गिरिडीह से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर थार वाहन, सोने के जेवर और नकदी बरामद की है।


गिरिडीह: महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहिर के मुंबई स्थित घर में हुई ₹2.65 करोड़ की चोरी के मामले में महाराष्ट्र पुलिस और CID को एक बड़ी सफलता मिली है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में झारखंड के गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक थार वाहन, सोने के जेवरात और नकदी भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंडरिया निवासी अमित कुमार और सांख निवासी सतीश कुमार के रूप में हुई है। दोनों को महाराष्ट्र पुलिस और सीआईडी की टीम ने मिलकर गिरफ्तार किया।
घरेलू कर्मचारी बनकर जीता भरोसा, फिर कथित तौर पर की करोड़ों की चोरी
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी पिछले तीन से चार साल से सचिन अहिर के मुंबई में स्थित घर में घरेलू कर्मचारी के रूप में काम कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने परिवार का भरोसा जीत लिया और पुलिस के अनुसार, इसी का फायदा उठाकर उन्होंने कथित तौर पर करोड़ों रुपये की चोरी की। इस मामले में 22 जुलाई को मुंबई के वरली थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद महाराष्ट्र पुलिस और सीआईडी ने जांच शुरू की थी।
पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर, महाराष्ट्र CID की टीम आरोपियों को लेकर झारखंड के एक गांव पहुंची। इस टीम में SI योगेश खर्वरकर, अरुण घटकर, हवलदार अशोक पाटिल, सुहाग, विकास और कई अन्य अधिकारी शामिल थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक थार वाहन, सोने के जेवरात और नकदी बरामद की। पुलिस का कहना है कि चोरी की रकम से खरीदी गई जमीन की भी जांच की जा रही है।
बाकी रकम और नेटवर्क की जांच जारी
महाराष्ट्र सीCID के मुताबिक, मामले की जांच अभी भी चल रही है। पुलिस चोरी की बची हुई रकम, बरामद की गई संपत्तियों के स्रोत और इस मामले में किसी और की संभावित भागीदारी की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई के बाद गिरिडीह के गावां क्षेत्र में पूरे मामले पर चर्चा जोरों पर है। पुलिस का कहना है कि जब जांच पूरी होगी, तो इस हाई-प्रोफाइल चोरी से जुड़े और भी पहलुओं का खुलासा हो सकता है।
(गिरिडीह से मनोज कुमार पिंटू की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित होगा मलय डैम, उपायुक्त ने किया निरीक्षण

ऑपरेशन प्रहार में पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 33.789 किलो गांजा व 2.534 किलो अफीम के साथ चार तस्कर गिरफ्तार







