Giridih: बलियापुर कांड और हजारीबाग घटना पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केड़िया का प्रशासन पर हमला
गिरिडीह कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केड़िया ने बलियापुर कांड और हजारीबाग दुष्कर्म-हत्या मामले में पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कदम उठाने की मांग की.

Jharkhand (Giridih): झारखंड के गिरिडीह में कांग्रेस जिला अध्यक्ष सतीश केड़िया ने धनबाद के बलियापुर में हुई घटना और हजारीबाग दुष्कर्म व हत्या मामले को लेकर राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने दोनों मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
सतीश केड़िया ने बलियापुर दंगा मामले का जिक्र करते हुए कहा कि रामनवमी के दिन हुई घटना में शामिल दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन पुलिस द्वारा गिरफ्तार लोगों को कमर में रस्सी बांधकर सड़कों पर परेड कराना कानून और मानवाधिकारों के खिलाफ है. उन्होंने सवाल उठाया कि दोष सिद्ध होने से पहले इस तरह की कार्रवाई करने का अधिकार पुलिस को किसने दिया.
उन्होंने बलियापुर थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित करने की मांग करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की गहन और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों, विशेष रूप से आरक्षी अधीक्षक और थाना प्रभारी पर भी कार्रवाई की मांग की.
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि वे पार्टी के ट्रेनिंग प्रोग्राम के कारण गिरिडीह से बाहर थे, लेकिन लौटते ही पीड़ित परिवार से मिलेंगे और स्थानीय पुलिस के खिलाफ आंदोलन करेंगे.
हजारीबाग में हाल ही में हुई युवती के साथ दुष्कर्म और निर्मम हत्या की घटना पर भी उन्होंने कड़ी निंदा व्यक्त की. उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जानी चाहिए.
सतीश केड़िया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का रुख स्पष्ट है- दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बिना पूरी जांच के किसी भी समुदाय को निशाना बनाना गलत है.
उन्होंने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि सभी राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की जिम्मेदारी है कि वे शांति, भाईचारा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.
अंत में उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री से मांग की कि दोनों मामलों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि सच्चाई सामने आए और समाज में शांति बनी रहे.
रिपोर्ट: मनोज कुमार पिंटू
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गढ़वाः अलकतरा घोटाला में सजा होने के भय से मानसिक संतुलन खो चुके हैं विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी: JMM

SIR को लेकर Giridih Congress का मधुबन में प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यकर्ता रहें सतर्क, कट न पाए एक भी वोटर का नाम







